विक्की आर्य, शमशाबाद (विदिशा)। विदिशा के शिवाजी चौक के पास बुधवार को एक जर्जर दो मंजिला मकान का छज्जा और ऊपर बना लेट-बाथ अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त नीचे दुकानों में काम चल रहा था और काउंटर पर बैठे दुकानदार नितिन सोनी ने समय रहते पीछे हटकर अपनी जान बचाई। मलबे और टूटे कांच की चपेट में आने से उन्हें मामूली चोटें आई हैं। हादसे में तीन दुकानों के शीशे, काउंटर, मोबाइल और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं।

बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना है और उसके छज्जे व दीवार में पहले से झुकाव दिखाई दे रहा था। दुकानदारों के मुताबिक ऊपर बने लेट-बाथ में पानी भी भरा हुआ था। लगातार नमी के कारण ढांचा कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि गिरने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

ये भी पढ़ें: बालाघाट में फिर 5 साल के मासूम की मौत: मलेरिया पीड़ित बैगा बच्चे के बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार का आरोप

गनीमत रही कि मकान का हिस्सा गिरने के दौरान कोई व्यक्ति सीधे मलबे की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मकान के मालिक विनोद कटारे भाजपा नेता भी हैं। हादसे को लेकर उनका पक्ष जानने के लिए कैमरे पर बयान लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बाइट देने से इनकार कर दिया और कहा कि घटना सामने दिखाई दे रही है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मकान का छज्जा और ऊपर बना हिस्सा अचानक नीचे गिरता साफ दिखाई दे रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m