संदीप शर्मा, विदिशा।
मध्य प्रदेश के विदिशा में भाजपा नेता और संजीवनी अस्पताल संचालक संजीव माथुर पर युवती ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि डॉ. ने उसे अकेले केबिन में बुलाकर गलत हरकत की। इतना ही नहीं, इलाज के बहाने उसके घर भी पहुंच गया और अश्लील हरकतें करने लगा।

केबिन में बुलाकर की गंदी हरकत

दरअसल, पीड़िता एक छात्रा है जिसने आरोप लगाया कि वह इलाज के लिए संजीव माथुर के सिरोंज स्थित अस्पताल पहुंची थी। यहां डॉक्टर ने युवती के पिता से उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने और यहीं पर काम करने के लिए कहा। इसके बाद युवती वहीं काम करने लगी। इसी दौरान डॉक्टर संजीव ने उसे केबिन में बुलाया और उसके साथ गंदी हरकत की।

घर पहुंचकर की गंदी हरकत, भाई ने पीटा

पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी आरोपी उसे बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसके साथ गलत हरकतें करता था। हद तो तब हो गई जब आरोपी इलाज करने के बहाने जबरन पीड़िता के घर पहुंच गया और वहां भी उसके साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान उसका भाई और दोस्त आ गए जिन्होंने डॉक्टर की पिटाई कर दी।

पुलिस में की शिकायत

पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामला सामने आया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से स्थानीय राजनीति और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।

अस्पताल संचालक बोले- युवती की हालत ठीक नहीं

संजीवनी अस्पताल के संचालक और भाजपा नेता संजीव माथुर ने युवती केआरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके ऊपर लगे आरोप गलत हैं। युवती की दिमागी हालत ठीक नहीं है।

थाना प्रभारी ने कही जांच की बात

थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि युवती के शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। डॉ. संजीव माथुर की तरफ से भी FIR की प्रक्रिया चल रही है। उनके साथ भी मारपीट हुई थी जिसमें वह घायल हुए हैं। पुलिस जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m