राकेश चतुर्वेदी, गंजबासौदा (विदिशा)। मध्य प्रदेश के गंजबासौदा में चार साल की मासूम बच्ची का शव झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची कल शाम से लापता थी, जिसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। आज सुबह बच्ची का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
विदिशा जिले के गंजबासौदा में चार साल की आदिवासी बच्ची के लापता होने के बाद आज सुबह उसका शव झाड़ियों में मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने कल शाम करीब 7 बजे गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की थी। सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; नौकर पर शक की सुई
गंजबासौदा एसडीओपी शिखा भलावी के मुताबिक, बच्ची के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और गर्दन ढीली अवस्था में है। प्रथम दृष्टया गला दबाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पिता की भूमिका को लेकर भी जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


