संदीप शर्मा, विदिशा। विदिशा में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला के साथ चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन लूटने की कोशिश की। महिला ने साहस दिखाते हुए चेन पकड़ ली तो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। छीना-झपटी में चेन टूट गई और आरोपी आधी चेन लेकर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, राजीव नगर निवासी विनीता गोयल अपनी सहेली के साथ रोज की तरह सुबह करीब 6:15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। डॉक्टर पितलिया रोड पर पहले से घात लगाए बैठे एक्टिवा सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर चाकू दिखाया और चेन झपटने का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए चेन नहीं छोड़ी, जिसके बाद बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। संघर्ष के दौरान महिला के हाथ में चोट आई और चेन बीच से टूट गई।

ये भी पढ़ें: अनाज व्यापारी की दुकान से 20 लाख की चोरी, CCTV में कैद हुई चोर की करतूत

आरोपी आधी चेन लेकर मौके से भाग निकले। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। जादोन थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सुबह करीब 6.30 बजे दो महिलाएं मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। जिनसे स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने चेन छीना गया है। चेन खींचते समय आधी चेन टूट गई है। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m