विकास नामदेव, विदिशा (शमशाबाद)।  मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से सरकारी स्कूलों की लचर कार्यप्रणाली और शिक्षकों की मनमानी की एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। सिरोंज तहसील की ग्राम पंचायत बाबुलखेड़ी में तय समय के बाद भी स्कूल का ताला न खुलने पर बच्चों ने खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं जब ग्रामीणों ने इस अव्यवस्ता और शिक्षकों की लेटलतीफी पर सवाल खड़े किए तो उन्हें सुधार करने बजाय FIR कराने की धमकी दे दी गई।

ये भी पढ़ें: “उल्टा तिरंगा फहराकर शुरू कर दिया राष्ट्रगान…” उमरिया से सामने आए राष्ट्रीय ध्वज के अनादर के 2 वीडियो वायरल

सुबह 9 बजे तक लटकता रहा ताला; बच्चों ने खोला मोर्चा

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बाबुलखेड़ी स्थित शासकीय स्कूल में सुबह 9 बजे तक ताला नहीं खुला था और बच्चे बाहर खड़े होकर शिक्षकों का इंतजार करते रहे।

शिक्षकों की इस लापरवाही से तंग आकर स्कूली बच्चों ने बंद पड़े स्कूल और लटकते ताले का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो देखते ही देखते क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

“सवाल मत पूछो, एफआईआर करा देंगे”- ग्रामीणों पर बिफरे जिम्मेदार

वीडियो वायरल होने के बाद जब स्थानीय ग्रामीण स्कूल पहुंचे और शिक्षकों की समय पर उपस्थिति व स्कूल प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए तो मामला और गरमा गया।

ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि अपनी गलती मानने के बजाय जिम्मेदार लोग उलटे ग्रामीणों को ही पुलिस केस और FIR में फंसाने की धमकियां देने लगे। वायरल हो रहे वीडियो में भी कथित तौर पर ग्रामीणों को एफआईआर की धमकी देती हुई आवाज साफ सुनाई दे रही है।

ये भी पढ़ें: भोपाल की आजादी अलग थी: गौहर महल से जुमेराती डाकघर तक, नवाबी रियासत के भारत में विलय की अनकही कहानी और उसकी गवाह इमारतें

शिक्षा विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्कूल का समय पर खुलना और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहद आवश्यक है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m