संदीप शर्मा, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पांझ में रविवार की दोपहर तेज हवा और मूसलाधार बारिश के बीच एक घर की दीवार अचानक भरभरा कर ढह गई। इस हादसे में दीवार की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय मासूम बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: रेत माफिया के लालच ने ऐतिहासिक तवा पुल को किया ‘बीमार’, पिलर में आई गंभीर दरारें, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

इलाज के दौरान तोड़ा दम, सोमवार को होगा पोस्टमार्टम

मिली जानकारी के अनुसार दीवार गिरने के कारण 12 वर्षीय सुमित अहिरवार मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के तुरंत बाद बदहवास परिजन उसे इलाज के लिए आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान मासूम सुमित ने दम तोड़ दिया।

बेटे को भी खोया और घर भी हुआ तबाह

इस हादसे ने पीड़ित परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि दीवार गिरने के साथ ही उनका पूरा घर जमींदोज और तबाह हो गया है। एक तरफ जहां रहने का आशियाना छिन गया, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े को भी हमेशा के लिए खो दिया है।

ये भी पढ़ें: वन विभाग की ऐतिहासिक पहल: 11 हजार किलो प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, CM डॉ. मोहन यादव ने की सराहना

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) राजपाल सिंह जादौन पुलिस बल के साथ तुरंत ग्राम पांझ पहुंचे। पुलिस प्रशासन द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण और जांच की गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m