मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां निगरानी विभाग की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार को कथित तौर पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, निगरानी विभाग की टीम ने मधुबनी स्थित यातायात डीएसपी के कार्यालय में यह कार्रवाई की है। डीएसपी सुजीत कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जिले में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। वर्दी और जिम्मेदारी के पद पर बैठे एक अधिकारी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल, इस मामले में निगरानी विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई और अन्य आधिकारिक विवरण सामने आने का इंतजार है।

घटना से जुड़ा वीडियो हो रहा वायरल

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घूस लेते समय गिरफ्तारी के बाद ट्रैफिक डीएसपी जमीन पर लेटते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके आसपास निगरानी टीम में शामिल लोग भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि निगरानी टीम द्वारा पकडे़ जाने के बाद वे अपने आप को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि लल्लूराम डॉट न्यूज कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय: फुलवरिया ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और लूटे हुए गहने बरामद