पंचकूला। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी विजिलेंस विभाग ने पुलिस महकमे के भीतर एक बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर 21 स्थित पुलिस चौकी में तैनात सब इंस्पेक्टर देशराज को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद से ही पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।

एक गाड़ी को छोड़ने से जुड़ा हैं मामला

पूरा मामला एक गाड़ी को छोड़ने से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता की कार आपसी झगड़े के एक केस में सेक्टर 21 पुलिस चौकी में खड़ी कराई गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच लिखित में समझौता भी हो गया था। इसके बावजूद कार को छोड़ने के नाम पर सब इंस्पेक्टर देशराज लगातार 5 हजार रुपए की मांग कर रहा था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से किया संपर्क

पीड़ित ने पैसे देने के बजाय सीधे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क किया। उसने पुलिस अधिकारी की करतूत का एक ऑडियो भी बनाकर अधिकारियों को सौंप दिया। टीम ने जब उस रिकॉर्डिंग की जांच की तो रिश्वत मांगने की बात सच पाई गई। इसके बाद ब्यूरो ने योजना बनाकर सब इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ने का जाल बिछाया।

रिश्वतखोर दरोगा गिरफ्तार

जैसे ही शिकायतकर्ता ने सब इंस्पेक्टर को 5 हजार रुपए थमाए, वैसे ही आसपास मौजूद विजिलेंस की टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यही अधिकारी साल 2023 में भी सेक्टर 20 थाने में रहते हुए 30 हजार रुपए की घूस लेते पकड़ा गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m