कुंदन कुमार, पटना। भोजपुर में हुए भरत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर सियासी माहौल भी गरमाता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल एक तरफ जहां, एनडीए सरकार में ही शामिल हम पार्टी के मुखिया और मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भरत तिवारी के एनकाउंटर पर सरकार को शाबाशी देते हुए नजर आए। वहीं, बीजेपी नेता और बिहार सरकार में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
विजय सिन्हा ने प्रशासन को ठहराया दोषी
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान जब विजय कुमार सिन्हा से यह पूछा गया कि भोजपुर में हुए भरत तिवारी के एनकाउंटर पर आप क्या कहेंगे? इसपर उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने भरत तिवारी के एनकाउंटर के लिए प्रशासन को दोषी ठहराया और कहा कि, जिस चीज का समाधान किया जा सकता था। उस मामले को प्रशासन ने इंटेक्टफुली किया है। इस प्रकरण में प्रशासन की लापरवाही साफ देखी जा सकती है और एक्शन भी हुआ है।
जो लापरवाही करेंगे, वो बचेंगे नहीं- विजय सिन्हा
विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि, अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त बिहार चलाना सरकार की जिम्मेदारी है। यह जनता के जनादेश का आदेश है। सरकार सजगता के साथ इस ओर कदम बढ़ा रही है। लेकिन कोई निर्दोश या किसी को बदले की भाव या नकारात्मक मानसिकता से परेशान नहीं किया जाएगा। हमारी और सरकार की ये जिम्मेदारी है और जो भी लापरवाही बरतेंगे वो बचेंगे नहीं।
एनकाउंटर से ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल
बता दें की बीते बुधवार को भोजपुर में हुए मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल भरत तिवारी की पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मुठभेड़ के दौरान उससे पहले भी सोशल मीडिया पर पुलिस और भरत तिवारी के बीच धमकी गाली-गलौज और हथियार फेंकते हुए व आत्मसमर्पण करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद हुए एनकाउंटर और भरत तिवारी की मौत से नाराज आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह बिलौटी गांव के पास भूषण तिवारी के शव को सड़क पर रखकर आरा-बक्सर फोरलेन को जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर पथरवा भी किया।
आत्मसमर्पण के बाद गोली चलाने का आरोप
गांव के लोगों का कहना है कि जब भरत भूषण तिवारी ने पिस्तौल फेंक दिया तो फिर पुलिस ने उसे गोली क्यों मारी? परिवार वालों का कहना है कि भरत भूषण तिवारी भ्रष्ट सिस्टम और गांव में काम नहीं होने को लेकर लगातार प्रशासन और सरकार पर वीडियो बनाता था, जिसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई गई, जो युवक के पैर और जांघ में लगी, जिसकी इलाज के क्रम में पटना पीएमसीएच में मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- ‘जबरदस्ती तो सुरक्षा नहीं दे सकते’, लालू परिवार के सुरक्षा वापस करने पर डिप्टी CM का बड़ा बयान

