यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में एक आरोपी को पकड़ने पहुंची करनाल सीआईए (CIA) की टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। उग्र भीड़ ने न सिर्फ आरोपी को पुलिस की हिरासत से छुड़ा लिया, बल्कि पुलिस टीम को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस हिंसक झड़प में कुछ महिलाओं द्वारा पुलिसकर्मियों को दांतों से काटने की भी खबर है। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि पुलिसकर्मियों को अपनी गाड़ियों की रफ्तार बढ़ाकर जैसे-तैसे गांव से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।

एनडीपीएस मामले में फरार आरोपी को पकड़ने गई थी टीम
मिली जानकारी के अनुसार, करनाल जिले की असंध सीआईए की टीम इंद्री थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट (नशीले पदार्थ तस्करी) के एक मामले में वांटेड आरोपी राजेंद्र को गिरफ्तार करने पहुंची थी। राजेंद्र रादौर के छोटा बांस गांव की डेहा बस्ती का रहने वाला है। मंगलवार शाम करीब छह बजे सीआईए की टीम ने जैसे ही गांव में दबिश देकर राजेंद्र को दबोचा, वैसे ही पूरी बस्ती के लोग पुलिस के विरोध में उतर आए।
महिलाओं और बच्चों ने संभाला मोर्चा, पुलिस की गाड़ियां तोड़ीं
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिरफ्तारी का विरोध करते हुए देखते ही देखते गांव के बच्चे, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में लाठी-डंडे लेकर इकट्ठा हो गए। उन्होंने पुलिस टीम को गालियां देनी शुरू कर दीं और उन पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया। इस अचानक हुए हमले में पुलिस की गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए। जब पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाने की कोशिश की, तो महिलाएं भी इस विवाद में कूद पड़ीं और सड़क किनारे पड़े पत्थर उठा-उठाकर मारने लगीं। इसी आपाधापी का फायदा उठाकर ग्रामीणों ने आरोपी राजेंद्र को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया।
दांतों से काटा, रादौर पुलिस ने संभाला मोर्चा
हमला इतना भयानक था कि उग्र भीड़ पुलिसकर्मियों के पीछे भागने लगी। इस दौरान कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें दांतों से भी काट लिया। माहौल को हाथ से निकलता देख सीआईए की टीम ने सूझबूझ दिखाई और गाड़ियों को तेज रफ्तार में गांव से बाहर निकालकर अपनी जान बचाई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय रादौर थाना पुलिस को सूचित किया गया। भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस समय गांव में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए डेहा बस्ती में भारी पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और हमला करने के आरोप में ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

