अजयारविंद नामदेव, शहडोल। विकास के दावों के बीच जब बुनियादी सुविधाएं दम तोड़ने लगती हैं, तो जनता का गुस्सा किसी न न किसी रूप में फूट ही पड़ता है। ऐसा ही विरोध की दिलचस्प तस्वीर शहडोल जिले के ब्यौहारी  विधानसभा क्षेत्र से सामने आई है। आखेटपुर में प्रधानमंत्री सड़क योजना की बदहाल सड़क इस बरसात में तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे  ग्रामीणों ने सड़क के गहरे गड्ढों में भरे बारिश के पानी के बीच हवन कर लोगों ने विभाग और सरकार को जगाने की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क अब रास्ता कम और हादसों का गड्ढा ज्यादा बन चुकी है।

यहां से गुजरने वाली प्रधानमंत्री सड़क इस समय पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि बारिश के इस मौसम में वे तालाब का रूप ले चुके हैं। इन छिपे हुए गड्ढों के कारण यहां आए दिन राहगीर और वाहन चालक सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। आखेटपुर की यह सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। 

जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन वाहन फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। 

लगातार हो रही दुर्घटनाओं और प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर आज जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध का एक अनूठा रास्ता अख्तियार किया, सरकार और प्रधानमंत्री सड़क विभाग की कुंभकर्णी नींद को तोड़ने के लिए पुष्पेंद्र पटेल सड़क के बीचों-बीच पानी से भरे एक बड़े गड्ढे में बैठ गए और विधि-विधान से हवन करना शुरू कर दिया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पुष्पेंद्र पटेल ने कहा कि सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान कई बार आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक ठोस सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क जैसी महत्वपूर्ण योजना की सड़क का इस तरह जर्जर होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। लोगों की परेशानी को देखते हुए विभाग को जगाने के लिए पानी से भरे गड्ढे में हवन का प्रतीकात्मक आयोजन किया गया। इस अनोखे प्रदर्शन में मुकेश तिवारी, आशुतोष पटेल, पवन, राकेश, आकाश, धर्मेंद्र, सुजल, अनोज और संदीप सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए और पूरी सड़क का गुणवत्तापूर्ण सुधार कार्य कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। अब देखना होगा कि गड्ढों के बीच किया गया यह हवन संबंधित प्रधानमंत्री सड़क विभाग और प्रशासन की नींद कब तक खोल पाता है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m