चंडीगढ़। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस पर पहलवान विनेश फोगाट ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्हें 9 मई 2026 का नोटिस मिला है और वे अपने वकीलों व सलाहकारों से चर्चा कर विस्तृत जवाब देंगी।
विनेश ने कहा कि WFI ने उनके खेल से ब्रेक लेने और वापसी की तारीखों को गलत तरीके से समझा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महासंघ द्वारा बताई गई 26 जून 2026 की तारीख सही नहीं है, क्योंकि उन्हें 1 जनवरी 2026 से ही खेलने की अनुमति मिल चुकी है। इसके लिए उनके पास अंतर्राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (ITA) का प्रमाण भी मौजूद है।
टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए तैयार हैं
उन्होंने बताया कि ITA, अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती महासंघ (UWW) द्वारा गठित संस्था है, जो डोपिंग नियंत्रण का काम करती है। विनेश ने कहा कि वे 10 से 12 मई 2026 को गोंडा में होने वाली सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए तैयार हैं और इसके लिए उन्होंने अपना नाम भी दर्ज करवा दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि 2024 और 2025 से जुड़े उनके मामलों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी जानकारी दे दी थी। उनके अनुसार, यह डोपिंग नियमों का उल्लंघन नहीं है।
नियम के उल्लंघन का किया खंडन
विनेश ने यह भी खंडन किया कि 2024 में NIS पटियाला में ट्रायल के दौरान उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन किया था। उन्होंने कहा कि उस समय WFI की समिति को उनकी भागीदारी की जानकारी थी और कोई आपत्ति नहीं जताई गई थी।
उन्होंने कहा कि वे 14 दिनों के भीतर WFI को सबूतों के साथ जवाब देंगी और अपनी निर्दोषता साबित करेंगी। साथ ही उन्होंने 2026 के एशियाई खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने की इच्छा भी जताई।

