लखनऊ. उत्तर प्रदेश के नए भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने शनिवार को लखनऊ पहुंचते ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का रुख साफ कर दिया. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के PDA को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा उनके PDA को नाकाम करेगी. तावड़े ने PDA का अर्थ ‘पराया धन अपना’ बताया.

इसे भी पढ़ें- BJP जितनी नाइंसाफी करना चाहे कर ले लेकिन… सपा सुप्रीमो का सरकार पर तीखा हमला, जानिए ऐसा क्या कह गए अखिलेश यादव

पहली बार लखनऊ पहुंचे तावड़े, हुआ भव्य स्वागत

यूपी की जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे विनोद तावड़े का एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय और कार्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला मौजूद रहे. तावड़े ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है और सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में विकास की रफ्तार तेज हुई है.

बोले- भाजपा-एनडीए पूरी ताकत से लड़ेगा चुनाव

तावड़े ने कहा कि भाजपा और एनडीए का हर कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगा और जीत हासिल करेगा. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद भी पार्टी अगले पांच साल तक यूपी की जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी. उनके बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है.

सीएम योगी और डिप्टी सीएम से करेंगे मुलाकात

दो दिवसीय दौरे के दौरान तावड़े संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे. सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के साथ बंद कमरे में बैठक होगी. इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों से संगठनात्मक कामकाज और अभियानों का फीडबैक लिया जाएगा. बाद में सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक के साथ कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुर विवाद पर ओवैसी का बयान, बोले- क्या अब संवैधानिक अधिकार सुरक्षित नहीं?

2027 से पहले तावड़े का दौरा क्यों अहम?

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले तावड़े की यूपी में सक्रियता को भाजपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. संगठन और सरकार के बीच तालमेल, जमीनी तैयारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर फोकस रहने की उम्मीद है. तावड़े को हाल ही में यूपी का प्रभारी बनाया गया है. वे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद हैं तथा हरियाणा और बिहार के प्रभारी भी रह चुके हैं.