तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के नरौरा गांव में पुरानी जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में पिता-पुत्र घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति के साथ लाठी-डंडे से मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस के मुताबिक नरौरा निवासी अमित पटेल और उनके पिता मुन्नालाल पटेल ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि गांव के श्यामलाल पटेल से उनका पुराना जमीन विवाद चल रहा है।
READ MORE: भोपाल में गुरुग्राम की ‘सिया’ जैसा हादसा: फीमेल राइडर आबिदा के साथ कार सवारों की बदसलूकी, पुलिस के एक्शन के बाद मांगी लिखित माफी
शिकायत के अनुसार 16 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे मुनालाल पटेल अपने प्लॉट पर जा रहे थे। आरोप है कि प्लॉट के पास पहुंचने पर श्यामलाल पटेल और उनके बेटे धर्मेंद्र पटेल ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह घर पहुंचे और परिवार को घटना की जानकारी दी।
इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर अमित पटेल मौके पर पहुंचे। शिकायत के मुताबिक वहां श्यामलाल और धर्मेंद्र ने अमित के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान श्यामलाल ने कुल्हाड़ी से अमित के सिर पर हमला कर दिया जिससे उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। अमित के सिर और पैर में चोटें बताई गई हैं, जबकि उनके पिता मुन्नालाल के हाथ की कलाई और पीठ में चोट आई है।
READ MORE: श्योपुर में आस्था के साथ खिलवाड़: जूते पहनकर आरती करते दिखे नगरीय प्रशासन आयुक्त, Video वायरल
मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर जांच शुरू की है। पुलिस ने श्यामलाल पटेल और धर्मेंद्र पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरा आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
घायल पिता-पुत्र को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सामने आए वीडियो व शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। जमीन का पुराना विवाद आखिर हिंसा तक कैसे पहुंचा और इस मारपीट की पूरी वजह क्या है यह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



