प्रवीण साहू, अभनपुर। गोबरा नवापारानगर के तटीय वार्ड राम जानकी पारा स्थित बताए जा रहे शासकीय उचित मूल्य दुकान से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों पर दुकानदार रौब झाड़ता और उन्हें बाहर निकलने की बात कहता नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें : Asian Games 2026: भारत के खिलाफ सेफा मुकाबले में श्रीलंका ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का लिया फैसला

बताया जा रहा है कि हाल ही में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से अतिरिक्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी दौरान राशन लेने पहुंचे वार्डवासियों के साथ दुकानदार के कथित व्यवहार का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में दुकानदार हितग्राहियों को बाहर निकलो ना, आरती उतारो, नारियल फोड़ो जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता सुनाई दे रहा है।

वीडियो में दुकानदार कथित तौर पर यह भी कहते सुनाई दे रहा है, मत ले, मत ले जा… फोकट में मिलत हे त लेवत हस आके… पैसा में मिलतिस त आके लेतेस का… दुकानदार के इस कथित व्यवहार को लेकर राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों में नाराजगी बताई जा रही है।

बाढ़ जैसी आपदा के बाद प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे समय में राशन वितरण केंद्र पर हितग्राहियों के साथ दुकानदार के व्यवहार को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की आधिकारिक पहचान की पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा की जानी बाकी है।

अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर खाद्य विभाग के अधिकारी संबंधित राशन दुकान की जांच करेंगे या नहीं? यदि वीडियो में लगाए जा रहे आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखने वाली बात होगी। मामले में अभनपुर एसडीएम रवि सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा चुका है।

देखिए वीडियो –

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m