वृंदावन. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व मशहूर बैटर विराट कोहली अपनी पत्नी व अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ बुधवार तड़के वृंदावन पहुंचकर आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए. दोनों सुबह करीब 4 बजे यमुना तट स्थित महाराज के नए आश्रम श्री गोविंद शरण यमुना विहार कुंज पहुंचे. हल्की बारिश के बीच दोनों नंगे पांव आश्रम तक पैदल पहुंचे और संत का आशीर्वाद लिया.

इसे भी पढ़ें- सपा मुख्यालय पर डिंपल यादव के पोस्टर, दिल्ली आंदोलन को लेकर युवाओं के बीच दिया सियासी संदेश

बारिश में पैदल पहुंचे ‘विरूष्का’

पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बावजूद विराट और अनुष्का ने करीब 300 मीटर की दूरी पैदल तय की. दोनों ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था और पूरी सादगी के साथ आश्रम पहुंचे. आश्रम में प्रवेश करते ही उन्होंने प्रेमानंद महाराज को दंडवत प्रणाम किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.

करीब एक घंटे चली एकांत वार्ता

दर्शन के बाद विराट और अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज से उनका हाल-चाल जाना. इसके बाद दोनों ने करीब एक घंटे तक आश्रम में महाराज के साथ एकांत में आध्यात्मिक चर्चा की. मुलाकात के दौरान दोनों काफी श्रद्धा और विनम्रता के साथ गुरु के सान्निध्य में रहे.

कई बार कर चुके हैं दर्शन

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पिछले कुछ वर्षों से नियमित रूप से प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने वृंदावन आते रहे हैं. जनवरी 2023 में पहली मुलाकात के बाद दोनों कई बार आश्रम पहुंच चुके हैं. साल 2025 में उन्होंने गुरु से दीक्षा भी ग्रहण की थी. बुधवार की यह मुलाकात प्रेमानंद महाराज से उनकी लगातार आठवीं भेंट बताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें- सपनों को मिला पंखः इजरायल में UP के 6004 श्रमिकों को मिला रोजगार, जानिए और कितने छात्रों को भेजने की है तैयारी

आस्था और अध्यात्म से जुड़ाव

क्रिकेट और फिल्म जगत की चर्चित जोड़ी विराट-अनुष्का का आध्यात्मिक जीवन से जुड़ाव अक्सर चर्चा में रहता है. दोनों समय-समय पर विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन करते हैं. वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के प्रति उनकी गहरी आस्था एक बार फिर इस मुलाकात के दौरान देखने को मिली.