India’s Most Valuable Brand: क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड्स की नई इबारत लिखने वाले भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने अब ब्रांड वैल्यू के मामले में भी देश के सभी बड़े सितारों को पीछे छोड़ दिया है। फॉर्च्यून इंडिया और ग्लोबल ब्रांड कंसल्टेंसी इंटरब्रांड द्वारा जारी देश के 25 सबसे वैल्युएबल सेलिब्रिटीज की ताजा रिपोर्ट में विराट कोहली 3,542 करोड़ रुपये की ब्रांड वैल्यू के साथ पहले स्थान पर रहे हैं।

इस सूची में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस तीसरे पायदान पर काबिज हैं। खास बात यह है कि प्रियंका महिला सेलिब्रिटीज में सबसे अधिक ब्रांड वैल्यू रखने वाली भारतीय हस्ती बनकर उभरी हैं।

टॉप-10 में 3 क्रिकेटर और 7 फिल्मी सितारे

रिपोर्ट के अनुसार देश के 10 सबसे वैल्युएबल सेलिब्रिटीज की सूची में तीन क्रिकेटरों और सात फिल्मी सितारों ने जगह बनाई है। विराट कोहली के बाद शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। चौथे नंबर पर भारत को दो विश्व कप दिलाने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। इसके बाद रणवीर सिंह, अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, आलिया भट्ट और अल्लू अर्जुन का नाम शामिल है।

देश के टॉप-10 सबसे वैल्युएबल सेलिब्रिटीज

  1. विराट कोहली
  2. शाहरुख खान
  3. प्रियंका चोपड़ा जोनस
  4. महेंद्र सिंह धोनी
  5. रणवीर सिंह
  6. अक्षय कुमार
  7. अमिताभ बच्चन
  8. सचिन तेंदुलकर
  9. आलिया भट्ट
  10. अल्लू अर्जुन

महिलाओं में प्रियंका सबसे आगे, दीपिका और रश्मिका भी सूची में

टॉप-25 की विस्तृत सूची पर नजर डालें तो महिलाओं में प्रियंका चोपड़ा सबसे आगे हैं। उनके बाद दीपिका पादुकोण 11वें और रश्मिका मंदाना 17वें स्थान पर हैं। इसके अलावा कृति सेनन, साउथ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री नयनतारा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को भी सूची में जगह मिली है।

मनोरंजन और खेल जगत की अन्य चर्चित हस्तियों में दिलजीत दोसांझ, करण जौहर, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और अभिनेता विक्की कौशल भी अपनी मजबूत ब्रांड वैल्यू के दम पर टॉप-25 में शामिल हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: IND vs AFG ODI Series 2026: टेस्ट में रिकॉर्ड जीत के बाद वनडे में भिड़ेंगे भारत और अफगानिस्तान, जानिए पूरा शेड्यूल, स्क्वॉड और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स

विज्ञापन जगत में भी कोहली का दबदबा कायम

विराट कोहली लंबे समय से देश के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स का चेहरा हैं। मैदान पर लगातार शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी वैश्विक पहचान, सोशल मीडिया प्रभाव और ब्रांड विश्वसनीयता ने उन्हें इस सूची में शीर्ष स्थान तक पहुंचाया है। यही वजह है कि क्रिकेट के बाद अब बिजनेस और ब्रांडिंग की दुनिया में भी कोहली ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

सिर्फ कमाई और फॉलोअर्स से नहीं तय हुई रैंकिंग

रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ब्रांड वैल्यू का आकलन केवल सोशल मीडिया फॉलोअर्स, सालाना कमाई या बॉक्स ऑफिस सफलता के आधार पर नहीं किया गया। इंटरब्रांड ने इसके लिए एक व्यापक और वैज्ञानिक मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाई।

अध्ययन में सेलिब्रिटीज की विशिष्टता, लोगों से जुड़ाव, लोकप्रियता, विश्वसनीयता, आत्मीयता, जिम्मेदारी, ब्रांड की मजबूती और प्रभाव जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों को शामिल किया गया। इन सभी पहलुओं के संयुक्त विश्लेषण के बाद अंतिम ब्रांड वैल्यू निर्धारित की गई।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H