स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खिताबी जीत के साथ हुआ। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। हालांकि सीजन खत्म होने के बाद जिस वीडियो की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह विराट कोहली और 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की मुलाकात का है।

फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी में वैभव सूर्यवंशी भी मौजूद थे। पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव ने ऑरेंज कैप सहित कुल पांच बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। इसी दौरान विराट कोहली खुद उनके पास पहुंचे और उनसे बातचीत की। उस समय दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, यह सामने नहीं आया था, लेकिन अब आरसीबी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसका वीडियो साझा किया है।

“कौन क्या बोल रहा है, उससे फर्क नहीं पड़ता”

वीडियो में विराट कोहली युवा बल्लेबाज का हौसला बढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। कोहली ने वैभव से कहा, “यहां से ऊपर जाना है। जो हुआ है, वह तुम्हारी मेहनत और खुद पर विश्वास का नतीजा है। कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है, उससे फर्क नहीं पड़ता।”

इसके बाद कोहली ने मुस्कुराते हुए कहा, “एक बिहारी सब पर भारी… बाकी गेम खत्म।” विराट की यह बात सुनकर वैभव भी मुस्कुराते नजर आए। सोशल मीडिया पर दोनों की यह बातचीत तेजी से वायरल हो रही है और क्रिकेट प्रशंसक इसे काफी पसंद कर रहे हैं।

फाइनल में चमके कोहली, RCB बनी चैंपियन

फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने नाबाद 75 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस पारी की बदौलत आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने का कारनामा किया।

वैभव ने जीते सबसे ज्यादा अवॉर्ड

आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी चर्चा थी और उन्होंने पूरे सीजन अपने प्रदर्शन से सभी उम्मीदों पर खरा उतरकर दिखाया। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज ने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की।

इसके अलावा वैभव को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन चुना गया। उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए, जो आईपीएल इतिहास में किसी एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है। इसके लिए उन्हें सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन का अवॉर्ड मिला।

यही नहीं, वैभव ने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर (MVP) और सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का खिताब भी जीता। पूरे सीजन में उनका स्ट्राइक रेट 237.3 का रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रमाण है।

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकदार युवा सितारों में शामिल कर दिया है। वहीं विराट कोहली की ओर से मिला यह खास संदेश उनके लिए आने वाले वर्षों में एक बड़ी प्रेरणा साबित हो सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H