हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी द्वारा भिवानी के वरिष्ठ साहित्यकार वीएम बेचैन को वर्ष 2021 के पंडित लख्मीचंद सम्मान से विभूषित किया जाएगा। रोहतक में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उन्हें यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।
अजय सैनी, भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी में कार्यरत हरियाणवी के वरिष्ठ साहित्यकार एवं चिंतक वीएम बेचैन को वर्ष 2021 के लिए पंडित लख्मीचंद सम्मान से विभूषित किया जाएगा।
यह सम्मान 23 जुलाई को रोहतक स्थित पंडित लखमीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय के केंद्रीय सभागार में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कर कमलों से प्रदान किया जाएगा।
पांच वर्षों से लंबित था सम्मान
गौरतलब होगा कि साहित्यकारों का यह सम्मान पिछले पांच वर्षों से लंबित था। इस बारे में हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी ने ईमेल और फोन के माध्यम से वीएम बेचैन को विशेष रूप से आमंत्रित किया है।
अकादमी ने बताया है कि मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार नायब सिंह सैनी द्वारा रोहतक स्थित पंडित लखमीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय के केंद्रीय सभागार में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में यह पुरस्कार दिया जाएगा।
तीन दशकों से संघर्षरत हैं बेचैन
वीएम बेचैन प्रदेश के वरिष्ठ हरियाणवी साहित्यकारों में शामिल हैं। उनकी अब तक 13 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
वे पांच भाषाओं का हरियाणवी में अनुवाद कर चुके हैं और हरियाणवी को भाषा का दर्जा दिलाने के लिए पिछले तीन दशकों से संघर्षरत हैं।
वे हरियाणवी के लिए अब तक बड़े पर्दे की हरियाणवी फिल्म ‘बिन तेरे बेचैन’ का भी निर्माण कर चुके हैं। उन्हें भागलपुर, बिहार में स्थित विक्रमशिला हिन्दी विद्यापीठ द्वारा विद्यावाचस्पति की मानद उपाधि भी दी जा चुकी है।


