Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जर्मन कार निर्माता कंपनी फॉक्सवैगन (Volkswagen) ने एक मास्टर प्लान तैयार किया है। घरेलू बाजार में पहले से राज कर रही टाटा मोटर्स और हुंडई जैसी दिग्गज कंपनियों की चुनौती बढ़ाने के लिए कंपनी भारत में दो नई गाड़ियां उतारने की तैयारी में है। इसमें कंपनी की लोकप्रिय सेडान वर्टूस (Virtus) का नया फेसलिफ्ट मॉडल और एक बिल्कुल नई सब-4-मीटर (4 मीटर से छोटी) कॉम्पैक्ट SUV शामिल है।
नया और स्टाइलिश होगा Virtus फेसलिफ्ट का लुक
फॉक्सवैगन अपनी सेडान वर्टूस के फेसलिफ्ट वर्जन को भारतीय बाजार में जल्द पेश करने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे 2026 के त्योहारी सीजन यानी दिवाली के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। कार के एक्सटीरियर में कई बड़े कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिलेंगे। फ्रंट प्रोफाइल की बात करें तो इसमें नए सिरे से डिजाइन की गई ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप्स और री-प्रोफाइल्ड बंपर मिलेगा। रियर प्रोफाइल में नया टेललाइट सेटअप और नए अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं, जो इसे सड़क पर ज्यादा स्पोर्टी लुक देंगे।

केबिन में मिलेंगे लग्जरी और आधुनिक फीचर्स
नई वर्टूस का इंटीरियर पहले से ज्यादा प्रीमियम और टेक-लोडेड होगा। डैशबोर्ड पर 10.25 इंच का पूरी तरह से डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10.1 इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन मिल सकती है। लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए रियर पैसेंजर्स के लिए रियर सीट मसाज फीचर जोड़े जाने की संभावना है। इसके अलावा, तंग जगहों में पार्किंग को आसान बनाने के लिए फ्रंट पार्किंग सेंसर्स जैसे काम के फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
इंजन और ट्रांसमिशन: गियरबॉक्स में बड़ा बदलाव
इंजन ऑप्शन में कंपनी मौजूदा पावरट्रेन को ही बरकरार रख सकती है। इसमें 1.0-लीटर 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन (115 HP) और ज्यादा पावरफुल 1.5-लीटर 4-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन (150 HP) का ऑप्शन मिलता रहेगा। हालांकि, सबसे बड़ा बदलाव इसके 1.0-लीटर इंजन वाले गियरबॉक्स में होगा, जहां मौजूदा 6-स्पीड ऑटोमैटिक की जगह नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया जा सकता है।
2027 में आएगी एंट्री-लेवल कॉम्पैक्ट SUV
वर्टूस के बाद फॉक्सवैगन भारत के सबसे बड़े सब-4-मीटर SUV सेगमेंट में वापसी करने जा रही है। कंपनी अपनी बिल्कुल नई कॉम्पैक्ट SUV को 2027 की पहली छमाही तक बाजार में उतार सकती है। यह नया मॉडल स्कोडा की अपकमिंग ‘काइलैक’ (Kylaq) वाले प्लेटफॉर्म पर ही आधारित होगा, लेकिन इसका एक्सटीरियर और इंटीरियर पूरी तरह से फॉक्सवैगन की सिग्नेचर स्टाइलिंग में तैयार किया जाएगा।
Nexon और Brezza से होगी सीधी भिड़ंत
फॉक्सवैगन की यह नई SUV सीधे तौर पर टाटा नेक्सॉन, मारुति ब्रेजा, हुंडई वेन्यू और किआ सोनेट को चुनौती देगी। इसमें 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो 115 हॉर्सपावर और 178 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का कॉम्बिनेशन दिया जा सकता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

