हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत खरखौदा विधानसभा क्षेत्र की एक बीएलओ टीम ने जिले में सबसे पहले अपना लक्ष्य पूरा किया है। सुपरवाइजर भूपेंद्र सिंह दहिया के नेतृत्व में कार्यरत 10 बीएलओ की टीम ने समय से पहले सभी गणना प्रपत्रों का सत्यापन कर पोर्टल पर अपलोड किया।
संजीव घनगस, सोनीपत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत खरखौदा विधानसभा क्षेत्र से एक खास उपलब्धि सामने आई है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सैदपुर में प्रवक्ता एवं सुपरवाइजर भूपेंद्र सिंह दहिया के नेतृत्व में कार्यरत 10 बीएलओ की टीम ने निर्धारित समय से पहले सभी गणना प्रपत्रों का सत्यापन कर उन्हें सफलतापूर्वक पोर्टल पर अपलोड कर दिया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ टीम ने जिले में सबसे पहले अपना लक्ष्य पूरा कर प्रथम स्थान हासिल किया।
टीम को सौंपी गई थी चार गांवों की जिम्मेदारी
खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में कुल 189 बीएलओ मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में लगे हुए हैं, जिनके कार्यों की निगरानी के लिए 20 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। भूपेंद्र सिंह दहिया की टीम को सैदपुर, जटौला, झिंझौली और कतलुपुर गांवों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। टीम ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया, नवीनतम फोटो और आधार विवरण अपडेट किए तथा सभी गणना प्रपत्रों को समय से पहले ऑनलाइन अपलोड कर मिसाल पेश की।
दो अलग-अलग विकास खंडों की चुनौती
भूपेंद्र दहिया ने बताया कि उनका कार्यक्षेत्र दो अलग-अलग विकास खंडों में फैला होने के कारण चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद टीम के बेहतर समन्वय, योजनाबद्ध कार्यशैली और लगातार मेहनत के बल पर अभियान को तय समय से पहले पूरा कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सबसे बड़ी चुनौती उन मतदाताओं का सत्यापन था, जिनके नाम हरियाणा और दिल्ली दोनों राज्यों की मतदाता सूची में दर्ज थे।
अन्य राज्यों के मतदाताओं का भी सत्यापन
ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को निर्वाचन आयोग के नियमों की जानकारी देकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके अलावा अन्य राज्यों के मूल निवासी मतदाताओं, विशेषकर विवाह के बाद क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं का सत्यापन और मैपिंग भी काफी जटिल रहा, जिसे टीम ने धैर्य और सतर्कता के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया।
नए प्रपत्र उपलब्ध कराकर दोबारा भरवाया
अभियान के दौरान जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र उपलब्ध नहीं थे या खो चुके थे, उन्हें नए प्रपत्र उपलब्ध कराकर दोबारा भरवाया गया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि प्रत्येक मतदाता का नवीनतम फोटो और आधार संबंधी जानकारी रिकॉर्ड में सही ढंग से अपडेट हो।
सफलता का श्रेय टीमवर्क को दिया
भूपेंद्र सिंह दहिया ने इस सफलता का श्रेय अपनी टीम के बीएलओ जयदीप, प्रवीण, ओमबीर, मदनपाल, सुनीता, रेखा रानी, विकास, सुरेंद्र, शकुंतला देवी और कमलेश के समर्पण, टीमवर्क और अथक परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम अमित कुमार के मार्गदर्शन तथा चुनाव विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।

