नारायणगढ़ की सब्जी मंडी और अनाज मंडी में हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के शीर्ष पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। चेयरमैन ने सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु बनकर काम करने का भरोसा दिया।

राजेश वर्मा,अंबाला। सब्जी मंडी में हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल एवं वाइस चेयरमैन राकेश बिंदल का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सब्जी मंडी एसोसिएशन नारायणगढ़ के प्रधान प्रवीण सहगल ने की। इस अवसर पर हरियाणा ओबीसी मोर्चा के प्रभारी एवं पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी तथा हरियाणा सब्जी मंडी एसोसिएशन के चेयरमैन हरीश धमीजा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान सभी मुख्य अतिथियों का फूलों के गुलदस्तों, पुष्पमालाओं तथा शॉल ओढ़ाकर विशेष सम्मान किया गया। इसके उपरांत अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में भी व्यापारियों ने पदाधिकारियों का स्वागत किया।

व्यापारियों से सीधा संवाद

इस विशेष अवसर पर व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल ने आढ़तियों एवं व्यापारियों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। व्यापारियों द्वारा विभिन्न व्यापारिक समस्याएं रखे जाने पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाते हुए वे सरकार और व्यापारियों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेंगे तथा व्यापारी हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

सरकार और व्यापारी समन्वय

पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी एवं वाइस चेयरमैन राकेश बिंदल ने भी व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं समन्वय से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारी वर्ग के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। कार्यक्रम में प्रवीण सहगल, अमित वालिया, नरेंद्र राणा, भूषण अग्रवाल, गोपाल मित्तल, ओपी चानना, मदन चानना सहित बड़ी संख्या में आढ़ती, राइस मिल एसोसिएशन के सदस्य एवं गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने चेयरमैन की कार्यशैली की सराहना करते हुए व्यापार जगत के कल्याण की उम्मीद जताई।