Independence Day 2026: 15 अगस्त 2026 को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली में लाल किले से आयोजित होने वाला मुख्य समारोह हर साल की तरह इस बार भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के जरिए आजादी का उत्सव मनाया जाएगा। यदि आप भी लाल किले (Red Fort) से स्वतंत्रता दिवस समारोह को प्रत्यक्ष रूप से देखने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए पहले से सीट बुक करना जरूरी है। सीमित सीटों के कारण प्रवेश केवल पूर्व पंजीकरण और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से ही दिया जाता है।

ऑनलाइन टिकट बुकिंग का तरीका

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए टिकट बुक करने के लिए सबसे पहले रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां आप उपलब्ध सीटों और बुकिंग की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यदि आपने पहले से पंजीकरण कराया हुआ है, तो वेबसाइट पर मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करके लॉगिन किया जा सकता है। वहीं, नए उपयोगकर्ताओं को पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

रजिस्ट्रेशन के दौरान आवेदक को अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र का प्रकार और पहचान पत्र संख्या जैसी आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। सभी विवरण सही और प्रमाणिक होने चाहिए। इसके बाद पहचान सत्यापन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट या मतदाता पहचान पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। दस्तावेज अपलोड करने के बाद टिकट श्रेणी के अनुसार भुगतान का विकल्प दिखाई देगा।

भुगतान प्रक्रिया पूरी होने और आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद टिकट बुक हो जाएगी। इसके बाद टिकट को डाउनलोड कर सुरक्षित रखना जरूरी है। समारोह में प्रवेश के लिए टिकट की प्रिंट कॉपी साथ लाना अनिवार्य है। सुरक्षा जांच के दौरान टिकट और पहचान पत्र की जांच की जाएगी। वैध टिकट और पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

ऐसे जोड़ें दोस्तों और रिश्तेदारों का नाम

ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया के दौरान वेबसाइट पर ‘अतिथि जोड़ें’ (Add Guest) का विकल्प दिया जाता है। इस विकल्प के माध्यम से आप अपने साथ आने वाले अन्य लोगों का नाम भी जोड़ सकते हैं। इसके लिए संबंधित व्यक्ति की सरकारी एजेंसी द्वारा जारी पहचान पत्र (आईडी) का विवरण दर्ज करना होगा। ID नंबर दर्ज करने के बाद उससे जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP (वन टाइम पासवर्ड) भेजा जाएगा।

ओटीपी सत्यापन पूरा होने के बाद संबंधित व्यक्ति की आवश्यक जानकारी स्वतः सिस्टम में प्राप्त हो जाएगी। इसके बाद उसके नाम को अतिथि सूची में जोड़कर टिकट बुकिंग प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इस सुविधा के जरिए परिवार के सदस्यों, दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए एक ही आवेदन के माध्यम से टिकट बुक की जा सकती है। इससे अलग-अलग पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं पड़ती और पूरी प्रक्रिया आसान हो जाती है।

तीन कैटेगरी में उपलब्ध हैं टिकटें

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए टिकटों की कीमत श्रेणी के अनुसार तय की गई है। सामान्य (General) श्रेणी की टिकट 20 रुपये, स्टैंडर्ड (Standard) श्रेणी की टिकट 100 रुपये और प्रीमियम (Premium) श्रेणी की टिकट 500 रुपये में उपलब्ध है। आवेदक अपनी पसंद और उपलब्ध सीटों के आधार पर किसी भी श्रेणी की टिकट बुक कर सकते हैं। हालांकि, बुकिंग के दौरान दी गई जानकारी और पहचान पत्र के विवरण पूरी तरह सही होना जरूरी है। यदि सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या गलत जानकारी पाई जाती है, तो टिकट रद्द की जा सकती है।

समय से पहले पहुंचना होगा

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहती है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 7:30 बजे लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। ऐसे में समारोह में शामिल होने वाले लोगों को कम से कम आधा घंटा पहले अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचने की सलाह दी गई है। सुरक्षा जांच और प्रवेश प्रक्रिया में समय लग सकता है, इसलिए देर से पहुंचने वाले लोगों को प्रवेश में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

नियमों का पालन जरूरी

समारोह में प्रवेश के लिए वैध टिकट और पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा निर्धारित सभी नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। अधिकारियों ने लोगों से समय पर पहुंचने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। देश के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजनों में शामिल इस समारोह को करीब से देखने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m