करनाल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुआ चार राज्यों का मोस्ट वांटेड बदमाश गुरमीत अस्पताल से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया है।
सुमन चौहान, करनाल। एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ शातिर बदमाश गुरमीत अस्पताल से चकमा देकर फरार हो गया है। दो दिन पहले ही करनाल पुलिस ने एक एनकाउंटर के दौरान इस मोस्ट वांटेड अपराधी को गिरफ्तार किया था, जिसके पैर में गोली लगी थी। इस कुख्यात बदमाश के इलाज के लिए अस्पताल के वार्ड में पुलिस सुरक्षा के तहत 4 जवानों को तैनात किया गया था। इसके बावजूद आरोपी रात के करीब 12 बजे बेहद नाटकीय ढंग से कड़े पहरे को ठेंगा दिखाकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहा। घटना के बाद से ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
तरावड़ी पेट्रोल पंप पर की थी फायरिंग
इस फरार बदमाश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद खौफनाक रहा है। कुछ दिनों पहले ही करनाल के तरावड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप पर अंधाधुंध फायरिंग करने के मामले में पुलिस को इसकी सरगर्मी से तलाश थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत और घेराबंदी कर आरोपी गुरमीत का एनकाउंटर किया था, जिसमें आत्मरक्षा में चलाई गई पुलिस की गोली सीधे उसकी टांग पर लगी थी। टांग में गंभीर चोट होने के बावजूद अपराधी का इस तरह अस्पताल के बिस्तर से गायब हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह शातिर अपराधी हरियाणा सहित देश के 4 अलग-अलग राज्यों की पुलिस के लिए पहले से ही मोस्ट वांटेड बना हुआ था।

