लखनऊ. समाजवादी पार्टी में फूट के दावे के बीच सपा मुखिया अखिलेश यादव और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है. राजभर ने सपा महासचिव राम गोपाल यादव को लेकर ये दावा किया था कि वे पार्टी तोड़ेंगे. इस पर राम गोपाल ने भी राजभर पर जमकर निशाना साधा. अब अखिलेश यादव भी इसमें कूद पड़े हैं. उन्होंने राजभर को दूसरी तरह से टारगेट करना शुरू कर दिया है. अखिलेश ने राजभर के विभाग पर घूसखोरी और वसूली का आरोप लगाया है.

अखिलेश ने ने एक्स पर लिखा कि ‘पंचायती-समाचार, टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’ समाचार-विस्तार : कल तक तो ‘अफवाही’ मंत्री जी को केवल वो भावी प्रत्याशी ही ढूंढ रहे थे जिनसे इन्होंने टिकट के नाम पर एडवांस वसूल लिया था, लेकिन अब जो जान गये हैं कि ‘30 सीट’ की बात अफवाह है. न तो इन्हें एक भी सीट मिल रही है और ले-देकर मिल भी गई तो भी ये जीतनेवाले नहीं हैं.’

इसे भी पढ़ें : सपा में बड़ी टूट होगी… राजभर का दावा, अखिलेश बोले- 2017 से पहले इन्हें कोई जानता नहीं था, राम गोपाल ने कहा- मूर्ख

अखिलेश ने आगे लिखा कि ‘इनकी सच्चाई बाहर आते ही अब तो सुना है, वो एई, जेई और एएमए अधिकारी और विभागीय ठेकेदार भी इनको ढूंढने के लिए मिल-बैठकर ‘पंचायत’ कर रहे हैं, जिनसे ट्रांसफ़र-पोस्टिंग और कॉन्ट्रैक्ट दिलवाने के नाम पर इन्होंने एडवांस वसूल लिया है. जिस काली-कमाई के पैसे के बल पर इनके ‘बड़े बोल’ निकल रहे हैं, अब वो पैसा ही इनके खिलाफ ‘पंचायत’ बैठा रहा है.’