लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता वारिस पठान ने दावा किया है कि एक दिन अब्दुल उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और भारत का प्रधानमंत्री भी बन सकता है. उन्होंने अमेरिका के मिशिगन में अब्दुल अल-सैयद की चुनावी जीत का उदाहरण दिया. वारिस पठान ने कहा कि मुसलमान अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेंगे. वे चुनाव जीतकर विधानसभा और संसद तक पहुंचेंगे. उन्होंने बीजेपी के साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा.

इसे भी पढ़ें- न गोलियां चलेगी, न लाठी-डंडाः रामभक्तों का जिक्र कर CM योगी ने दिया बड़ा बयान, जानिए क्यों कहा कि किसी मंथरा और किसी मारीच की कुदृष्टि न पड़े

‘अब्दुल बनेगा यूपी का मुख्यमंत्री और देश का PM’

वारिस पठान ने कहा कि अब्दुल (मुसलमान) चुनाव जीतकर विधानसभा जाएगा और मुसलमानों के साथ गरीबों की आवाज बनेगा. वह न्याय के लिए लड़ेगा. उन्होंने कहा कि एक दिन अब्दुल उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और भारत का प्रधानमंत्री भी बन सकता है. उन्होंने कहा कि मुसलमानों को केवल चुनाव में वोट देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए. उन्हें राजनीतिक नेतृत्व की भूमिका में भी आगे आना चाहिए.

‘अब्दुल पंचर नहीं बनाएगा, अब राजनीति करेगा’

वारिस पठान ने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ इस्तेमाल होने वाली कथित अपमानजनक टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि कुछ लोग ‘अब्दुल पंचर बनाता है’ कहकर मजाक उड़ाते हैं. अब यह सोच बदल रही है. मिशिगन में अब्दुल की जीत इसका उदाहरण है. उन्होंने कहा कि अब अब्दुल जमीन पर नहीं बैठेगा, बल्कि राजनीति में हिस्सा लेगा और चुनाव जीतकर सदन पहुंचेगा.

कांग्रेस और सपा पर मुस्लिम वोट लेने का आरोप

वारिस पठान ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ये पार्टियां चुनाव के समय मुसलमानों से वोट मांगती हैं, लेकिन उनकी सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति सुधारने के लिए पर्याप्त काम नहीं करतीं. उन्होंने महमूद रहमान समिति और रंगनाथ मिश्रा आयोग की रिपोर्ट का हवाला दिया. पठान ने कहा कि इन रिपोर्टों से मुस्लिम समुदाय के पिछड़ेपन का पता चलता है. उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई, मदरसों और आजम खान की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाते हुए विपक्षी नेताओं से सवाल किया कि वे प्रभावित लोगों के साथ खड़े क्यों नहीं हुए.

इसे भी पढ़ें- दिवाली-छठ के बाद मुंबई जाने वालों को रेलवे की सौगात, गोरखपुर से चलेगी स्पेशल ट्रेन; लखनऊ-कानपुर में भी ठहराव

ओवैसी ने भी BJP और SP पर बोला हमला

इससे पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी बीजेपी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि मुसलमानों को केवल वोट बैंक समझने की राजनीति अब नहीं चलेगी. ओवैसी ने कहा था कि मुसलमानों को नेता और कानून बनाने वाले प्रतिनिधि के रूप में आगे आना चाहिए. उन्होंने ‘अब्दुल पंचर बनाता है’ और ‘अब्दुल दरी बिछाएगा’ जैसी टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए.