गोरखपुर. दीपावली और छठ पर्व के बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. नियमित ट्रेनों में कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है. ऐसे में यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है.
यह ट्रेन दो फेरों में चलेगी. गोरखपुर से 11 और 18 नवंबर को रवाना होगी. वहीं, मुंबई से 13 और 20 नवंबर को वापसी करेगी. इस ट्रेन से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़ें- सावधान रहें, सुरक्षित रहें! दिवाली पर यूपी के हर अस्पताल में इमरजेंसी तैयार, तुरंत सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
गोरखपुर से रात 8:55 बजे चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 05097 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 11 और 18 नवंबर को रात 8:55 बजे गोरखपुर से रवाना होगी. रास्ते में खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा और लखनऊ में ठहराव होगा. इसके बाद ट्रेन कानपुर सेंट्रल, उरई और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होते हुए आगे बढ़ेगी.
तीसरे दिन सुबह 8:30 बजे पहुंचेगी मुंबई
गोरखपुर से चलने के बाद ट्रेन बीना, भोपाल, इटारसी और खंडवा होते हुए महाराष्ट्र पहुंचेगी. इसके बाद भुसावल, नासिक, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे में ठहराव होगा. तीसरे दिन सुबह 8:30 बजे ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी. इस तरह यात्रा में करीब 36 घंटे लगेंगे.
मुंबई से दोपहर 12:30 बजे होगी वापसी
वापसी में ट्रेन नंबर 05098 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 13 और 20 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे मुंबई से चलेगी. यह ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक और भुसावल होते हुए मध्य प्रदेश पहुंचेगी. फिर खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना और झांसी के रास्ते कानपुर और लखनऊ पहुंचेगी.
20 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाएगा. इनमें दो जनरेटर सह लगेजयान और एलएसएलआरडी कोच होंगे. सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान के सात और वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के सात कोच रहेंगे. त्योहारों के बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन अतिरिक्त विकल्प होगी. लखनऊ, कानपुर, झांसी, भोपाल और नासिक के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा.

