लखनऊ. अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को लेकर सूबे में सियासी पारा गरमा गया है. सत्ता पक्ष और उसके सहयोगी दल लगातार हमलावर हैं. इन सबके बीच ओपी राजभर ने राहुल गांधी को लेकर अखिलेश यादव पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश जी! अब जब आप अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की बात कर ही रहे हैं तो अपने दिल्ली वाली बड़के भैया को भी साथ ले जाइए. आखिर उनकी मां और उनकी पार्टी ने ही प्रभु श्रीराम को काल्पनिक बताया था.

आगे ओपी राजभर ने कहा कि रास्ते में उनसे इतना जरूर कहिएगा कि अयोध्या जाकर अपनी आंखों से देखें. प्रभु श्रीराम कोई कल्पना नहीं हैं. अयोध्या ही रामलला की जन्मभूमि है और विदेशी आक्रांताओं ने वहां मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई थी. अपने बड़े भाई से यह भी कहिएगा कि कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों को अब आप नहीं ढोएंगे. रामलला के सामने सिर झुकाकर आप अपने पूर्वजों की गलतियों का प्रायश्चित करें.

इसे भी पढ़ें- CM योगी ने कहा माफी मांगें अखिलेश, सपा प्रमुख बोले- चढ़ावा-चंदा चोरी का हिसाब कब देंगे?

उन्होंने कहा कि अखिलेश भाई, बात केवल आपके बड़े भाई की नहीं है. आप भी जब रामलला के दर्शन करने जाएं तो उन पूज्य कारसेवकों की आत्माओं से क्षमा जरूर मांगिएगा, जिन पर आपकी सपा सरकार ने गोलियां चलवाई थीं. मुस्लिम वोटों के चक्कर में आपने बहुत टोपी पहन ली और मुसलमानों को भी बहुत ‘टोपी’ पहना ली. आपकी उम्र इसी नाटक में बीत गई. आखिर में आना प्रभु श्रीराम की शरण में ही था तो इतनी देर क्यों कर दी भाई?

राजभर ने कहा कि खैर, देर से ही सही. रामलला के दर्शन करने का आपका विचार स्वागतयोग्य है. जाइए, दर्शन करिए. शायद अयोध्या की पावन धरती पर पहुंचकर राजनीति से ऊपर उठकर कुछ सत्य भी दिखाई दे. और हां मित्र! दीपोत्सव और दीपावली की आपको हार्दिक शुभकामनाएं.

इसे भी पढ़ें- फरहीन की एक ‘ना’ और मच गया कोहराम! पति तौकीर ने पहले पत्नी पर चलाया ब्लेड, फिर खुद के साथ जो किया…

आगे राजभर ने कहा कि आपके जो लोडर यह भ्रम फैला रहे हैं कि यह अयोध्या का आखिरी दीपोत्सव था, उनसे कह दीजिए कि इस बात को मोटे अक्षरों में नोट कर लें. अगले वर्ष फिर अयोध्या में भव्य और दिव्य दीपोत्सव होगा. लाखों दीप फिर जलेंगे, अयोध्या फिर जगमगाएगी और रामलला की नगरी का वैभव पूरी दुनिया देखेगी. एक काम करिएगा. इस बार के दीपोत्सव का वीडियो जरूर देखिए. राम की पैड़ी पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी. उस जनसैलाब को सिर्फ भीड़ मत समझिएगा. लोगों के चेहरे देखिए, उनकी आस्था देखिए और उस ‘लोक’ की भावना को समझने की कोशिश करिए.

ओपी राजभर ने ये भी कहा कि राम को समझना है तो पहले ‘लोक’ को समझिए. जिस दिन ‘लोक’ समझ में आ गया, उस दिन राम भी समझ में आ जाएंगे. और हां अखिलेश जी, अगले दीपोत्सव का न्योता मैं आपको आज ही दे रहा हूं. इस बार वीडियो में देखिए, अगली बार खुद अयोध्या आइए. राम की पैड़ी पर खड़े होकर दीपोत्सव देखिए और उस ‘लोक’ को महसूस करिए, जिसकी बात मैं आपसे कर रहा हूं.