लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे. वह हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. उनके प्रस्तावित दौरे की खबर सामने आते ही यूपी की सियासत गरमा गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले अयोध्या जरूर आएं, लेकिन यहां आने पर माफी मांगकर जाएं. देर रात अखिलेश ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम योगी को जवाब दिया. उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे, चंदे और दान में कथित चोरी का मुद्दा उठाया.

इसे भी पढ़ें- UP में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार, नोएडा का AQI 400 पार; 20 शहरों में कोहरा

योगी बोले- अयोध्या आकर माफी मांगें अखिलेश

सीएम योगी ने अखिलेश के अयोध्या दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले अयोध्या जरूर आएं. लेकिन उन्हें यहां आकर एक बार माफी मांगनी चाहिए. योगी के इस बयान के बाद अखिलेश ने भी पलटवार किया.

अखिलेश का एक्स पोस्ट, चंदा और दान पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा-

अयोध्यावाले माननीय मुख्यमंत्री जी से पूछ रहे हैं कि ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरी के मामले में “दूध का दूध, पानी का पानी” कब होगा? होगा भी या नहीं होगा? हमने तो पहले ही इस मामले में कहा था कि जांच की लीपापोती का परिणाम निकलेगा: शाख को माफी, फुनगी को फांसी! राम मंदिर के धर्म-धन चोरी के मामले में यही हुआ है. यहां सरगना अभी भी बरकरार है और उनके सेवक गिरफ्तार हैंं. ‘अयोध्या भाजपा के भ्रष्टाचार से प्रताड़ित, दुख, अपमानित’ है. अयोध्या की तो पूरी नगरी ही ‘पीडीए’ बन गई है. विधानपरिषद में वाराणसी में भाजपा को डबल जीरो मिला है, अयोध्यावासी विधानसभा में भाजपा का स्कोर पांच जीरो करके हमेशा के लिए विदा कर देंगे.

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भी साधा निशाना

अखिलेश ने एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी का नाम लिए बिना निशाना साधा. उन्होंने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के एक बयान का जिक्र किया. अखिलेश ने लिखा कि अयोध्या का राजनीतिक पर्यटन करने वालों ने भगवान राम के पिता के बारे में अपशब्द कहने वालों पर कुछ बोला या नहीं. उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं उनका प्रभाव इतना कम तो नहीं हो गया कि वे बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए.

इसे भी पढ़ें- पहली को तलाक, दूसरी को धोखा, तीसरी से शादी… जिम ट्रेनर की इस खौफनाक चाल से तबाह हुईं 3 जिंदगियां

12 दिसंबर को रामलला के दर्शन करेंगे अखिलेश

सपा प्रमुख के अयोध्या दौरे की जानकारी पूर्व मंत्री और सपा नेता तेजनारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने दी. अखिलेश 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे. इस दौरान वह हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे. इसके बाद राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे. उनके दौरे को लेकर बीजेपी और सपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है.