लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. ठंड बढ़ने के साथ सुबह के समय कोहरा भी छाने लगा है. दिवाली की सुबह लखनऊ, श्रावस्ती, देवरिया, महराजगंज, संभल और बाराबंकी समेत 20 शहरों में धुंध देखने को मिली. वहीं, पश्चिमी यूपी और NCR के जिलों में वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है. नोएडा का AQI 400 के पार पहुंच गया है. गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत की हवा भी रेड जोन में है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिवाली वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट हो सकती है.
इसे भी पढ़ें- पहली को तलाक, दूसरी को धोखा, तीसरी से शादी… जिम ट्रेनर की इस खौफनाक चाल से तबाह हुईं 3 जिंदगियां
हरदोई में सबसे ठंडी रात, झांसी में सबसे ज्यादा ताप.मान
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी जिलों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. हरदोई सबसे ठंडा रहा. यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, झांसी में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इससे साफ है कि दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है.
दिवाली के सप्ताह में और बढ़ेगी ठंड
वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दिवाली वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं. सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है. मौसम में बदलाव के साथ सुबह और शाम ठंडक बढ़ेगी. फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है.
पश्चिमी यूपी से पूर्वांचल तक मौसम रहेगा शुष्क
पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा और मथुरा में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. सुबह हल्की धुंध हो सकती है. मध्य यूपी के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, सीतापुर और हरदोई में दिन में धूप निकलेगी, जबकि रात में ठंड बढ़ेगी। पूर्वांचल के वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया और आजमगढ़ में भी मौसम साफ रहने के आसार हैं. बुंदेलखंड में भी बारिश का अनुमान नहींं है.
इसे भी पढ़ें- ‘पहले रामभक्तों से माफी मांगों…’ अखिलेश के अयोध्या दौरे पर CM योगी की शर्त से मची सियासी खलबली, जानें मामला
किसानों को रबी फसलों के लिए सलाह
मौसम को देखते हुए किसानों को रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई के दौरान खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखें. जिन खेतों में पर्याप्त नमी है, वहां बेवजह सिंचाई न करें. मिट्टी की नमी और मौसम की स्थिति देखकर ही बुवाई और सिंचाई का फैसला लें.

