स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री सुभाष चंद्र ने सोनीपत-पानीपत क्लस्टर के वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट परिसर और साइंटिफिक लैंडफिल साइट का जायजा लेकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए।
संजीव घनगस, सोनीपत। स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने आज सोनीपत-पानीपत क्लस्टर के अंतर्गत संचालित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (MSW) हेतु वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने मैसर्स जेबीएम एनवायरनमेंट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों के साथ प्लांट में प्रयुक्त इंसीनरेशन तकनीक पर गहन चर्चा की।
प्लांट और लैंडफिल का जायजा
निरीक्षण के दौरान सुभाष चंद्र ने संपूर्ण प्लांट परिसर तथा साइंटिफिक लैंडफिल साइट का भ्रमण कर वहां संचालित प्रक्रियाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझा और अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया की सराहना की।

विगत 5 वर्षों से संचालन
इस अवसर पर सुभाष चंद्र ने कहा कि यह प्लांट माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “कचरा मुक्त एवं स्वच्छ भारत” के सपने और विजन के अनुरूप कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्लांट तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर के गरिमामयी नेतृत्व में स्थापित किया गया था और दिनांक 14 अगस्त 2021 से निरंतर कार्यरत है, अर्थात यह लगभग विगत 5 वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है तथा हरियाणा राज्य का एकमात्र वेस्ट टू एनर्जी प्लांट है।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के निर्देश
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने प्लांट प्रमुख को अपने बहुमूल्य सुझाव दिए तथा प्लांट के सुचारू एवं प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 (SWM Rules 2026) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
“नॉन स्टॉप हरियाणा” के अनुरूप
सुभाष चंद्र ने आगे कहा कि यह प्लांट न केवल अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन करता है, बल्कि इससे बिजली का उत्पादन भी करता है, जो माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के “नॉन स्टॉप हरियाणा” के विजन एवं मिशन के अनुरूप है।

नगर निगम आयुक्त से चर्चा
इस दौरान सुभाष चंद्र ने नगर निगम सोनीपत के आयुक्त हर्षित कुमार के साथ भी इस प्लांट को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा हरियाणा के इस एकमात्र वेस्ट टू एनर्जी प्लांट को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु सहयोग के लिए कहा। इस अवसर पर नगर निगम सोनीपत के अधिकारीगण एवं जेबीएम एनवायरनमेंट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

