हेमंत शर्मा, इंदौर। स्वच्छता का छक्का लगाने वाले इंदौर में इन दिनों पानी से ज़्यादा राजनीति का पारा चढ़ा हुआ है। शहर प्यासा है और साहिबान बैठक-बैठक खेल रहे हैं! कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बड़े ही अरमानों के साथ जल संकट पर महामंथन के लिए शहर के 9 विधायकों की क्लास बुलाई थी। लेकिन जब मंत्रीजी टेबल पर पधारे, तो पता चला कि 5 माननीय तो हाज़िरी लगाने ही नहीं पहुँचे! कुल-जमा 4 चेहरों के भरोसे पूरी बैठक निपट गई।
READ MORE: दिग्विजय सिंह की यात्रा को मिला आध्यात्मिक समर्थन: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने लिखा पत्र; 20 अक्टूबर से उज्जैन से होगी शुरुआत
लेकिन असली ‘राजनीतिक धमाका’ तब हुआ जब विधानसभा नंबर 4 की फायरब्रांड विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ से पत्रकारों ने पूछ लिया कि मैडम, आप मंत्रीजी की इस बैठक में क्यों नहीं पधारीं? बस फिर क्या था! मैडम ने बिना किसी मुरव्वत के अधिकारियों और इस पूरी सरकारी नौटंकी के परखच्चे उड़ा दिए। तीखे तेवरों के साथ मालिनी गौड़ ने साफ़ कह दिया कि जब ज़मीन पर ढेले भर का काम नहीं होता, तो ऐसी बैठकों में जा कर टाइम ख़राब करने से क्या फायदा? उन्होंने साफ़ लताड़ लगाई कि नगर निगम और अफ़सरों को समस्याओं और शिकायतों की पूरी लिस्ट थमा-थमा कर थक चुके हैं, लेकिन किसी के कान पर जूँ तक नहीं रेंगती। जब नतीजतन काम ‘जीरो’ ही होना है, तो फिर बैठक का यह स्वांग रचने से क्या हासिल?
अब जब वार इतना करारा था, तो हमारे कैलाश भाई भी कहाँ ख़ामोश रहने वाले थे! अपने चिर-परिचित इंदौरी अंदाज़ में मुस्कुराते हुए मंत्रीजी ने भी ऐसा जुमला उछाला कि मामला और चटपटा हो गया। कैलाश विजयवर्गीय बोले- शायद जो विधायक बैठक में नहीं आए, उनके इलाक़ों में पानी की कोई किल्लत ही नहीं होगी! मंत्रीजी का यह तंज आते ही राजनीतिक गलियारों में ठहाके और चर्चाएँ दोनों तेज़ हो गईं।
READ MORE: बिजली संकट पर MP में सियासी घमासान: जीतू पटवारी का सिंधिया पर तंज- ‘महल का बिल झोपड़ी से भी कम आया, गांवों में छाया है अंधेरा’
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या सचमुच उन 5 विधायकों के क्षेत्रों में नदियाँ बह रही हैं, या फिर अफ़सरशाही के रवैये से तंग आकर माननीयों ने ‘बायकॉट’ का रास्ता चुन लिया है? कुल मिलाकर, पानी की समस्या हल करने बुलाई गई बैठक अब नेताओं की आपसी खिंचतान और तीखी बयानबाज़ी का अखाड़ा बन चुकी है। अफ़सर अब भी अपनी फ़ाइलों पर कुंडली मारे बैठे हैं और जनता बेचारी ख़ाली बाल्टी लेकर तमाशा देख रही है कि नलों में पानी कब आएगा!
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

