भारत ने पाकिस्तान द्वारा सीमा पर चीन निर्मित SH-15 सेल्फ-प्रोपेल्ड हॉवित्जर की तैनाती की खबरों के बीच स्पष्ट संदेश दिया है कि देश राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। विदेश मंत्रालय ने दोहराया कि सीमा पार आतंकवाद पर भारत का रुख पहले जैसा ही सख्त है और भारतीय सेना हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत का स्पष्ट संदेश: राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत की प्राथमिकता सीमा पार आतंकवाद को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को करारा जवाब मिला था और भारतीय सेना आज भी पूरी सतर्कता के साथ देश की सुरक्षा में तैनात है।
पाकिस्तान ने सीमा पर तैनात कीं चीन की SH-15 तोपें
हालिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान ने भारत से सटी सीमा पर करीब 250 चीन निर्मित SH-15 155mm/52-कैलिबर सेल्फ-प्रोपेल्ड हॉवित्जर तैनात किए हैं। पाकिस्तान ने 2019 में चीन की रक्षा कंपनी नोरिन्को से 236 तोपों का ऑर्डर दिया था, जिनकी डिलीवरी 2022 से शुरू हुई।
इन तोपों की तैनाती मुख्य रूप से गुजरांवाला, सियालकोट और जलालपुर जट्टां सेक्टरों में की गई है। रॉकेट-असिस्टेड प्रोजेक्टाइल के साथ इनकी मारक क्षमता 50 किलोमीटर से अधिक बताई जाती है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इससे पाकिस्तान की लंबी दूरी तक हमला करने की क्षमता मजबूत हुई है।
PoK चुनावों को बताया ‘प्रहसन’
प्रेस वार्ता में रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में हुए हालिया चुनावों को “दिखावा” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां जनता की आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है और जून से अब तक दमनकारी कार्रवाई में करीब 90 नागरिकों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसे चुनाव जमीनी हकीकत को नहीं बदल सकते।
पाकिस्तान से आतंकी ढांचा खत्म करने की मांग
लश्कर-ए-तैयबा के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत लगातार सभी देशों से सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील करता रहा है। भारत ने पाकिस्तान से अपनी धरती पर सक्रिय आतंकी ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त करने और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने की मांग दोहराई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


