हरियाणा डेस्क। हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
6 जून तक बदला-बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से प्रदेश में 6 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान अधिकांश जिलों में तेज हवाएं चलने, बादल छाने और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। कई अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
रोहतक रहा सबसे गर्म, 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा
बीते 24 घंटों में तापमान में औसतन 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में रोहतक सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सिरसा में 42.0 डिग्री और हिसार में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सामान्य से 18% अधिक हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 मार्च से 31 मई 2026 के बीच हरियाणा में 52.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 44.6 मिमी मानी जाती है। यानी प्रदेश में अब तक 18 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।
मानसून के लिए करना होगा इंतजार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल जो बारिश हो रही है, वह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से है। प्रदेश में मानसून की दस्तक अभी बाकी है और इसके सामान्य समय से कुछ देर से पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

