झज्जर।हरियाणा के झज्जर जिले में देर रात पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। गांव दुजाना के पास हुई मुठभेड़ में विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी इंद्रपाल मारा गया। बताया जा रहा है कि इंद्रपाल मुख्य आरोपी संजय बिरधाना का करीबी सहयोगी था।

जानकारी के अनुसार, झज्जर पुलिस और एसटीएफ की टीम को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। टीम ने दुजाना गांव के पास घेराबंदी की, जहां बदमाश और पुलिस के बीच फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में इंद्रपाल ढेर हो गया।

मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर राकेश भी घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह मौके पर पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।