हरियाणा डेस्क। हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं आने वाले दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। बीते दिन राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रोहतक में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में 37.2 डिग्री, नारनौल में 39.0 डिग्री, भिवानी में 39.5 डिग्री, हिसार में 38.6 डिग्री और गुरुग्राम में 37.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है।

20 जून तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 18 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 19 और 20 जून को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

हालांकि तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद फिलहाल हरियाणा में हीटवेव (लू) जैसी स्थिति नहीं है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।