चंडीगढ़। हरियाणा में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आखिरकार राहत मिल गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है।
देर रात रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, हिसार, भिवानी और फतेहाबाद समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और नूंह जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को भी कुछ जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जिलों के लिए फिर से येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
हालांकि 15 और 16 जून से मौसम साफ रहने के आसार हैं और प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है। फिलहाल बदलते मौसम ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत जरूर दी है।

