चंडीगढ़। Haryana में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान फरीदाबाद के बोपानी क्षेत्र में 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि भिवानी में 42 डिग्री और सिरसा में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, 11 मई से 14 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि इसके बाद मौसम दोबारा शुष्क हो सकता है।
विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 11 मई को कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 10 मई और 12 से 14 मई के दौरान भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं।
Panchkula, Ambala और Yamunanagar जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी में भी तेज हवाओं और खराब मौसम की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक के समय पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

