उत्तर प्रदेश में शनिवार को कई हिस्सों में आंधी और बारिश दर्ज की गई. कई जनपदों में ओलावृष्टि भी हुई है. आंधी के कारण लखनऊ समेत कई शहरों में बिजली भी प्रभावित हुई. मौसम विभाग की मानें तो आज भी यूपी में आंधी-बारिश की संभावना है. इसे लेकर विभाग ने अलर्ट जारी किया है. 26 जिलों में ओले और बिजली गिरने के आसार हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अभी आंधी-बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रह सकता है. वायुमंडल में दो वेदर सिस्टम सक्रिय होने की वजह से अरब सागर से नमी आ रही है, जिसके कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश और ओले गिरने की संभावना है. हालांकि रविवार को दोपहर बाद इसमें कमी आ सकती है. जिसके बाद 7 से 9 अप्रैल तक फिर से इसी तरह का मौसम बनने का पूर्वानुमान है.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 5 April : श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

बता दें कि शनिवार को उत्तर प्रदेश में 24 घंटे कई जनपदों में बारिश हुई. साथ ही तेज हवाओं ने मौसम बदल दिया. लखनऊ में शाम होते ही तेज बारिश संग झोंकदार हवाएं चली. वहीं कानपुर में भारी बारिश के बीच ओले गिरे. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1-2 जगहों पर बादल भी गरजे. मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को यूपी के 50 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश बिजली गिरने और ओले गिरने की चेतावनी जारी की थी.