हरियाणा डेस्क। हरियाणा में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 15 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह (मेवात), पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

विभाग का कहना है कि प्रदेश में 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान बादल छाए रहने, हवाओं की दिशा बदलने और कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से आज रात से 20 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

इसके अलावा एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 और 23 जून को भी हरियाणा के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

अगले 3 दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक 19 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी समेत पश्चिमी व मध्य हरियाणा के कई जिलों में यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। वहीं 20 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में मौसम गतिविधियां तेज रह सकती हैं। 21 जून को भी उत्तरी हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।