भोपाल। Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून पैर पसार रहा है। कई जिलों में प्री मानसून की वजह से अच्छी बारिश हो चुकी है लेकिन मानसून की एंट्री से अब लगभग सभी जिले भींग रहे हैं। मौसम विभाग ने 40 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में बारिश की आशंका है। ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड के कुछ हिस्से के अलावा पूरे मध्यप्रदेश में बारिश के साथ आंधी-तूफान और गरज चमक की आशंका है। आगर-मालवा और सीहोर में गरज चमक के साथ आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर समेत कई जिलों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके विपरीत ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि वर्तमान में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से नमी आ रही है, जो प्रदेश में प्री-मानसून और मानसून गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। इसी के चलते आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के लिए कहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m