भोपाल। Weather Update: मध्य प्रदेश में जल्द ही गर्मी और तपिश से राहत मिलने वाली है। जल्द ही मानसून की जल्द एंट्री होने वाली है। कई हिस्सों में प्री मानसून की बदौलत बौछारें हो रही है लेकिन मानसून की दस्तक के बाद अच्छी बारिश होगी।

एमपी में 2 दिन में दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन में मानसून दस्तक दे सकता है। मंगलवार को मानसून मुंबई सहित महाराष्ट्र के वर्धा और अन्य हिस्सों तक पहुंच गया। मानसून मंडला, बालाघाट और डिंडोरी के रास्ते मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसकी एंट्री बंगाल की खाड़ी शाखा के जरिए होने की संभावना है।

एमपी में प्री-मानसून गतिविधियां जारी

मंगलवार शाम तक बालाघाट से सटे सिवनी जिले में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई। इलाके के कई शहरों और कस्बों में अच्छी बारिश हुई। बताया जा रहा है कि मानसून मुंबई, महाराष्ट्र के कई हिस्सों के अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, तेलंगाना और ओडिशा तक पहुंच चुका है। फिलहाल ‎मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। ‎भोपाल, इंदौर सहित कई हिस्सों में बादल, गरज-चमक और बौछारों का दौर जारी है। 

20 सालों से इसी रास्ते एमपी में दाखिल हुआ मानसून

पिछले 20 सालों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी शाखा के जरिए 80% बार इसी रास्ते मध्यप्रदेश में दाखिल हुआ। इसके बाद लगातार लो-प्रेशर सिस्टम बने और उन वर्षों में प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना ज्यादा देखी गई। इसके विपरीत अरब सागर शाखा से मालवा-निमाड़ क्षेत्र में प्रवेश करने पर वर्षा का वितरण असमान रहा।

गरज-चमक और बारिश की संभावना है। दिन के तापमान में गिरावट और उमस बढ़ सकती है। मानसून की आधिकारिक एंट्री के बाद बारिश की आवृत्ति और क्षेत्रीय विस्तार दोनों बढ़ जाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m