West Bengal VIP Seat: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) के पहले चरण की वोटिंग आज सुबह 7 बजे से जारी है। पहले चरण में बंगाल की 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है। पहले चरण के मतदान की शुरुआत के साथ ही हाई-प्रोफाइल और कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बंगाल की तपती गर्मी के बीच इन वीआईपी सीटों पर कांटे की टक्कर ने सियासी पारा सातवें आसमान पर है। भवानीपुर से नंदीग्राम तक इन हॉट सीटों पर ज़बरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। भवानीपुर विधानसभा सीट (Bhawanipur Assembly seat) से सीएम ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) खुद मैदान में हैं। जबकि नंदीग्राम विधानसभा सीट (Nandigram Assembly seat) से बीजेपी के कद्दावर नेता और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) खड़े हैं।

इन वीआईपी सीटों पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। क्या ममता बनर्जी अपने अभेद्य किलों को बचा पाएंगी, या भाजपा की ‘परिवर्तन’ की लहर इस बार नबन्ना (सचिवालय) का रास्ता साफ करेगी? आइए जानते हैं इन वीआईपी सीटों का हालः-

भवानीपुर विधानसभा सीट: दीदी का अपना गढ़ और प्रतिष्ठा की लड़ाई

कोलकाता की भवानीपुर सीट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का घरेलू मैदान है। ममता बनर्जी के खुद चुनाव लड़ने के कारण यह सीट इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सबसे चर्चित और हाई-स्टेक्स सीटों में से एक बन गई है।ममता बनर्जी यहां से चौथी बार जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं। ममता बनर्जी ने भवानीपुर से 2011, 2016 और 2021 के उपचुनाव में जीत हासिल की है। 2011 में उन्होंने 54,213 वोटों से जीत दर्ज की थी, 2016 में 25,301 वोटों से और 2021 में 58,832 वोटों के बड़े अंतर से विजय पाई थी। कोलकाता की भवानीपुर सीट पर कुल 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। हालांकि इस सीट पर ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। बीजेपी ने नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी सुवेंदु अधिकारी को उतारा है।

नंदीग्राम विधानसभा सीट: शुभेंदु बनाम टीएमसी

नंदीग्राम विधानसभा सीट बंगाल की दूसरी सबसे ज्यादा चर्चित और हाई-स्टेक्स सीट हैं। इस सीट से बीजेपी ने विधानसभा नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को टिकट दिया है। 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट पर सीएम ममता बनर्जी को अधिकारी के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा था। इस बाद ममता यहां से चुनाव नहीं लड़ रहीं हैं। शुभेंदु अधिकारी को चुनौती उनके ही पूर्व करीबी और चुनाव प्रबंधक रहे पबित्रा कर दे रहे हैं। कभी दाहिना हाथ कहे जाने वाले पबित्रा कर अब TMC के टिकट पर अपने ही पूर्व गुरु के खिलाफ खड़े हैं। 

खड़गपुर सदर विधानसभा चुनाव

खड़गपुर सदर विधानसभा सीट पर भाजपा पर दिलीप घोष को अपना प्रत्याशी उतारा है। जबकि टीएमसी ने प्रदीप सरकार को मुकाबले में उतारा है। यहां इन दोनों के बीच ही मुख्य मुकाबला है। यह सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। 2016 में यहां से भाजपा के दिलीप घोष ने जीत हासिल की थी। हालांकि पिछले चुनाव में टीएमसी ने यह सीट बीजेपी से छीन ली थी।

आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट

आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से बीजेपी ने अग्निमित्र पॉल को मैदान में उतारा है। जबकि बीजेपी को टक्कर देने के लिए टीएमसी ने तापस बनर्जी को प्रत्याशी घोषित किया है। यहां अन्य उम्मीदवारों के कूदने से मुकाबला बहुकोणीय हो गया है।

बरहामपुर विधानसभा सीट

बरहामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने अपने दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी को मैदान में उतारा है। अधीर रंजन चौधरी के लिए यह चुनाव करो या मरो वाली स्थिति में है। इस सीट से बीजेपी ने सुभ्रत मैत्रा को मैदान में उतारा है। मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। हालांकि यहां टीएमसी भी खेला कर सकती है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत हासिल की थी।

डोमकल विधानसभा चुनाव

डोमकल विधानसभा चुनाव इस बार बहुकोणीय हो गया है। इस सीट से टीएमसी से अलग होकर हुमांयू कबीर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि सीपीआई (एम) ने मुस्तफिजुर रहमान को मैदान में उतारा है। पिछले दिनों हुमांयू कबीर का बीजेपी के साथ डील का वीडियो सामने आने के बाद मुकाबला काफी रोचक हो गया है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m