Technology Desk: अनजान नंबर से आया एक छोटा सा मैसेज कई बार बड़ी ठगी की शुरुआत बन जाता है। कभी सामने वाला खुद को बैंक अधिकारी बताता है, तो कभी दोस्त या किसी बड़ी कंपनी का कर्मचारी। बातचीत आगे बढ़ते ही लिंक पर क्लिक करने, पैसे भेजने या निजी जानकारी साझा करने का दबाव बनाया जाता है।

अब WhatsApp ऐसे ही संदिग्ध मैसेज और बातचीत से यूजर्स को बचाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ‘Scam Alert’ नाम के नए फीचर पर काम कर रही है। इसका मकसद ठगी का नुकसान होने से पहले यूजर को सावधान करना है।

अनजान चैट में दिखेगा खतरे का संकेत

नया सिस्टम खास तौर पर अनजान नंबरों से शुरू होने वाली बातचीत पर नजर रखेगा। यह बातचीत के पैटर्न और ठगी में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध तरीकों को पहचानने की कोशिश करेगा।

अगर सिस्टम को चैट में स्कैम के संकेत मिलते हैं, तो यूजर की स्क्रीन पर चेतावनी दिखाई दे सकती है। इससे यूजर को पैसे भेजने या किसी लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधान होने का मौका मिलेगा।

फोन में ही होगा चैट का विश्लेषण

इस फीचर की खास बात इसका प्राइवेसी सिस्टम है। रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध बातचीत की जांच के लिए चैट का कंटेंट कंपनी के सर्वर पर भेजने की जरूरत नहीं होगी। मशीन लर्निंग मॉडल फोन पर ही बातचीत के पैटर्न का विश्लेषण करेगा। यानी आपकी निजी चैट का कंटेंट सर्वर पर भेजे बिना स्कैम के संकेत पहचानने की कोशिश की जाएगी।

WhatsApp यूजर को देगा पूरा कंट्रोल

अलर्ट मिलने के बाद फैसला यूजर का होगा। अगर नंबर संदिग्ध लगता है तो उसे तुरंत ब्लॉक या रिपोर्ट किया जा सकेगा। वहीं अगर चैट किसी परिचित की निकली और अलर्ट गलत लगा, तो यूजर उसे Trusted के तौर पर मार्क कर सकेगा। सिस्टम अपनी तरफ से किसी नंबर को रिपोर्ट नहीं करेगा।

अभी सभी यूजर्स को नहीं मिला फीचर

फिलहाल WhatsApp का यह फीचर चुनिंदा Android Beta Testers के लिए उपलब्ध बताया जा रहा है। कंपनी इसे धीरे-धीरे ज्यादा यूजर्स तक पहुंचा सकती है।अगर आपके WhatsApp में यह विकल्प अभी दिखाई नहीं दे रहा है, तो किसी थर्ड-पार्टी ऐप या अनजान लिंक के जरिए इसे एक्टिव करने की कोशिश न करें।

iPhone यूजर्स को करना होगा इंतजार

फिलहाल यह सुरक्षा फीचर चुनिंदा एंड्रॉयड बीटा यूजर्स तक सीमित है। iPhone यूजर्स के लिए इसकी उपलब्धता को लेकर अभी इंतजार करना होगा।

WhatsApp का यह कदम ऐसे समय में अहम है, जब ऑनलाइन ठगी में भरोसा जीतकर यूजर से पैसे या निजी जानकारी हासिल करने के तरीके तेजी से इस्तेमाल किए जा रहे हैं।