Technology Desk : WhatsApp ने यूजर्स की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई नए सिक्योरिटी फीचर्स जारी किए हैं। नए अपडेट के बाद यूजर्स को अकाउंट की सुरक्षा और साइन-इन को लेकर पहले से ज्यादा कंट्रोल मिलेगा। WhatsApp ने Passkey और Two-Step Verification में बदलाव किए हैं। वहीं, Android यूजर्स को अनजान नंबर से आने वाली कॉल के बारे में भी ज्यादा जानकारी मिल सकेगी।

एक से ज्यादा Passkey कर सकेंगे ऐड
WhatsApp ने Passkey फीचर को पहले से ज्यादा सुविधाजनक बनाया है। अब यूजर्स अपने WhatsApp अकाउंट के लिए एक से ज्यादा Passkey ऐड कर सकते हैं। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो Android और iPhone दोनों डिवाइस इस्तेमाल करते हैं।
Passkey की मदद से WhatsApp में दोबारा लॉगिन करने के लिए SMS से मिलने वाले वेरिफिकेशन कोड की जरूरत नहीं पड़ती। यूजर फोन के Fingerprint, Face ID या Screen Lock का इस्तेमाल करके अकाउंट को एक्सेस कर सकता है। WhatsApp के मुताबिक, दुनियाभर में 1 अरब से ज्यादा लोग WhatsApp के लिए Passkey बना चुके हैं।
WhatsApp में Passkey कैसे सेट करें?
Passkey बनाने के लिए WhatsApp खोलें और Settings > Account > Passkeys में जाएं। इसके बाद फोन में दिए गए विकल्प की मदद से Passkey बनाया जा सकता है।
Two-Step Verification में PIN की जगह Password
WhatsApp ने Two-Step Verification को भी अपडेट किया है। पहले यूजर्स को अकाउंट की अतिरिक्त सुरक्षा के लिए 6 अंकों का PIN सेट करना पड़ता था। अब इसकी जगह पूरा Password बनाने का विकल्प भी दिया जा रहा है। यूजर्स Password में शब्द, नंबर और Special Characters का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
Unknown Calls पर मिलेगी ज्यादा जानकारी
Android यूजर्स के लिए WhatsApp ने Unknown Calls से जुड़ी जानकारी में भी बदलाव किया है। अगर किसी ऐसे नंबर से कॉल आती है, जो यूजर के फोन में सेव नहीं है, तो WhatsApp उस कॉल के बारे में कुछ अतिरिक्त जानकारी दिखा सकता है।
यूजर को यह जानकारी मिल सकती है कि कॉल करने वाला नंबर किसी दूसरे देश का है या नहीं। इसके अलावा यह भी पता चल सकता है कि कॉल करने वाले व्यक्ति के साथ यूजर किसी Common WhatsApp Group में शामिल है या नहीं। इस जानकारी से यूजर को कॉल रिसीव करने से पहले अनजान नंबर के बारे में बेहतर अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी।


