Rubel Hossain retirement: इन दिनों भारत में आईपीएल 2026 की धूम है. अब तक 24 मैच हो चुके हैं. इस बार आईपीएल में बांग्लादेश का एक भी खिलाड़ी नहीं खेल रहा है, लेकिन बीच सीजन में बांग्लादेश का एक खिलाड़ी चर्चा में आ गया है. ये कोई और नहीं बल्कि बांग्लादेश क्रिकेट के ‘रफ्तार के सौदागर’ कहे जाने वाले रुबेल हुसैन हैं, जो अपने संन्यास को लेकर सुर्खियों में हैं. दाएं हाथ के इस तूफानी बॉलर ने 15 अप्रैल देर शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है.

36 साल के रुबेल ने 13 साल तक बांग्लादेश क्रिकेट टीम की जर्सी पहनी. 2009 में डेब्यू से लेकर 2021 तक वो नेशनल टीम का हिस्सा रहे. पिछले 5 साल से टीम से बाहर थे. चोटों ने उनके करियर को पटरी से उतार दिया था. यही वजह है कि अब इस दिग्गज पेसर ने 13 साल के करियर पर पूर्णविराम लगाने का फैसला किया है.

ये वही रुबेल हैं, जिन्होंने लगातार अपने स्लिंगी एक्शन और घातक रफ्तार से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को खौफ में रखा था. रुबेल के पास स्पीड और सटीक लाइन-लेंथ थी. उनकी गेंदें हवा में स्विंग होने के साथ-साथ अंतिम क्षणों में जिस तेजी से अंदर आती थीं, उसका तोड़ ढूंढना बल्लेबाजों के लिए नामुमकिन सा था. संन्यास की जानकारी देते हुए रुबेल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने संन्यास की पुष्टि की और ये भी साफ कर दिया है कि वो घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे.
रुबेल हुसैन ने संन्यास की पोस्ट में क्या लिखा?
रुबेल हुसैन ने अपने संन्यास की पोस्ट में लिखा, ‘मैं तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह रहा हूं. राष्ट्रीय टीम मेरा जुनून है, लेकिन हर खिलाड़ी के जीवन में एक ऐसा समय आता है जब उसे अपनी जगह छोड़नी पड़ती है.’ रुबेल ने अपने 13 साल के लंबे सफर में साथ देने वाले अपने परिवार, करीबी दोस्तों, मीडिया कर्मियों और करोड़ों फैंस का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अब नई पीढ़ी के गेंदबाजों के लिए रास्ता साफ करना चाहते हैं, हालांकि वे क्लब और घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहेंगे.
डेब्यू में चार विकेट, फिर हैट्रिक भी ली
रुबेल हुसैन के नाम वनडे डेब्यू पर 4 विकेट लेने का खास रिकॉर्ड दर्ज है. वो ऐसा करने वाले बांग्लादेश के पहले गेंदबाज बने थे. उनके नाम वनडे में 104 मैचों में 129 विकेट दर्ज हैं, जो उन्हें शाकिब अल हसन और मशरफे मुर्तजा जैसे दिग्गजों के बाद बांग्लादेश का पांचवां सबसे सफल गेंदबाज बनाता है. साल 2013 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका 6/26 का प्रदर्शन आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज है. यही वह स्पेल था, जिसमें रुबेल ने हैट्रिक लेकर कीवी टीम की कमर तोड़ दी थी.
2015 में इंग्लैंड के खिलाफ किया था कमाल

रुबेल के करियर का सबसे यादगार साल 2015 था. उस साल खेले गए वनडे विश्व कप में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में खेले गए करो या मरो के मुकाबले में आग उगलती हुई गेंदबाजी की थी और अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी. उन्होंने 9.3 ओवर में 53 रन देकर 4 विकेट चटकाए और इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने चार गेंदों के अंतराल में इयान बेल और कप्तान इयोन मॉर्गन को आउट करने के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन को पवेलियन भेजा था. उनकी उस जादुई गेंदबाजी की बदौलत ही बांग्लादेश ने पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था.
रुबेल हुसैन का इंटरनेशनल करियर कैसा रहा?
टेस्ट: 27 मैच, 36 विकेट (सर्वश्रेष्ठ: 5/166)
वनडे: 104 मैच, 129 विकेट (सर्वश्रेष्ठ: 6/26, 1 हैट्रिक)
T20I: 28 मैच, 28 विकेट (सर्वश्रेष्ठ: 3/31)
कुल अंतरराष्ट्रीय विकेट: 193 विकेट
प्रोफेशनल करियर में 569 विकेट
दाएं हाथ के पेसर रुबेल हुसैन ने अपने प्रोफेशनल करियर में अभी तक कुल मिलाकर 569 विकेट लिए हैं, जिसमें 97 फर्स्ट क्लास विकेट हैं, 287 विकेट उन्होंने लिस्ट A में लिए हैं, जबकि 185 विकेट T20 में झटके हैं. इसमें उनके इंटरनेशनल विकेटों की संख्या 193 है, जो उन्होंने 159 मैच खेलते हुए चटकाए हैं. कुल मिलाकर उन्होंने 569 शिकार किए हैं, जो अपने आप में कमाल की बात है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

