सफीदों । विधायक रामकुमार गौतम का एक बयान चर्चा में है। उन्होंने रिश्वत लेने और कमीशनखोरी करने वालों को ‘महानीच’ कहा। साथ ही साफ कर दिया कि ऐसे मामलों में वह किसी की सिफारिश नहीं सुनेंगे। आरोपी उनका रिश्तेदार हो या समर्थक, उसे बचाने की कोशिश नहीं करेंगे।

गौतम सफीदों में नर्सिंग कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उनका रुख काफी सख्त नजर आया। उन्होंने खास तौर पर इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को चेताया। कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी से दूर रहें। देश अपना है। इसके निर्माण में बेईमानी करना गलत है।

‘जात-बिरादरी नहीं देखूंगा’

विधायक ने कहा कि बेईमान और चोर, चोर ही होते हैं। अगर कोई रिश्वत या कमीशन लेते पकड़ा गया, तो वह उसे छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के मामले में जात-बिरादरी उनके लिए मायने नहीं रखेगी।

गौतम ने कहा कि ऐसा करने वाला उनका अपना रिश्तेदार हो या बड़ा समर्थक, उसे भी बचाया नहीं जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उनका विधायक भ्रष्ट है, तो उसके साथ भी वैसा ही व्यवहार होना चाहिए।

इंजीनियरों को दी नसीहत

अपने संबोधन में गौतम ने सरकारी इमारतों के निर्माण का जिक्र भी किया। उन्होंने संसद भवन का उदाहरण देते हुए कहा कि निर्माण कार्य ऐसा होना चाहिए, जिस पर देश को गर्व हो। इंजीनियरिंग विंग के लोगों से उन्होंने विशेष रूप से ईमानदारी बरतने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कमीशनखोरी करने वाले लोग गलत काम कर रहे हैं। पैसा लेकर कोई यहां नहीं आया और न ही कोई इसे साथ लेकर जाएगा। इंसान खाली हाथ आता है और खाली हाथ ही जाता है।

1 मिनट 38 सेकेंड का वीडियो चर्चा में

विधायक के इस संबोधन का 1 मिनट 38 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें वह रिश्वतखोरी और कमीशनखोरी के मुद्दे पर सख्त लहजे में अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। उनके बयान में अपने लोगों को भी बचाने से इनकार करने वाली बात खास तौर पर चर्चा में है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m