T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर चल रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 23 फरवरी को शिमरोन हेटमायर नाम का तूफान आया, जिसने गेंदबाजों की हालत खराब कर दी. उन्होंने 35 बॉल पर 85 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और इतिहास रच दिया.

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 के मुकाबले चल रहे हैं. 23 फरवरी को ग्रुप 1 के तहत वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच मुंबई के वानखेड़े मैदान पर मुकाबला खेला गया. इस ग्रुप में दोनों टीमों का यह पहला ही मैच है. वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 254 रन ठोक डाले. टीम को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाने में शिमरोन हेटमायर ने अहम रोल अदा किया. उन्होंने 35 बॉल पर 85 रनों की तूफानी पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 19 बॉल पर अर्धशतक ठोका, जिसके दम पर वो विंडीज के लिए टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी जमाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. उन्होंने इसी टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड के खिलाफ बनाए गए अपने ही 22 गेंदों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है.
2 विकेट जल्दी गिरने के बाद आया हेटमायर का तूफान
शिमरोन हेटमायर की ये पारी तब आई जब विंडीज ने 54 रनों पर 2 विकेट खो दिए थे. इसके बाद नंबर 3 पर बैटिंग करने आए शिमरोन ने बिना देर किए गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और चौके-छक्कों की बारिश कर दी. जिम्बाब्वे के फील्डर मुसेकिवा ने उनका एक आसान सा कैच छोड़ दिया था. जिसके बाद उन्होंने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और छक्कों की बारिश कर डाली.
1500 टी20 आई रन पूरे किए
खास बात ये रही कि इस आतिशी पारी के दम पर उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के लिए 1500 रन भी पूरे कर लिए हैं. वो इस आंकड़े तक पहुंचने वाले वेस्टइंडीज के 11वें बल्लेबाज बने. शिमरोन ने 80 मैचों में 8 फिफ्टी के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह खिलाड़ी अब तक 10 मैच खेल चुका है. इस दौरान 35 से ऊपर के औसत और 140 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. 2026 में यह खिलाड़ी 175 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 270 से ज्यादा रन बना चुका है.
108 मीटर का गगनचुंबी छक्का ठोका
जिम्बाब्वे के खिलाफ तूफानी फिफ्टी के बाद उन्होंने 108 मीटर का गगनचुंबी छक्का ठोका. यह सिक्स पारी के 9वें ओवर में आया, जो जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा डाल रहे थे. इस ओवर की पहली ही गेंद उन्होंने फ्लैट और शॉर्ट फेंकी. गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हेटमायर ने इस गेंद को मिडविकेट के ऊपर उड़ाते हुए दर्शकों में पहुंचा दिया. एक समय तो गेंद आसमान में नजर ही नहीं आई. जब इस छक्के की दूरी नापी गई तो 108 मीटर निकली. 35 बॉल पर 85 रनों की यह पारी उनके विश्व कप के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी पारी बन गई.
255 रनों का दिया टारगेट
वेस्टइंडीज के लिए इस मुकाबले में सिर्फ हेटमायर ने नहीं बल्कि लगभग हर बैटर ने कमाल किया. हेटमायर ने जहां 85 रनों की पारी खेली तो वहीं रोवमेन पॉवेल ने 35 बॉल पर 4 चौके और 4 छक्के ठोके. शेरफेन रदफोर्ड ने 12 बॉल पर 27 रन बनाए. रोमारियो शेफर्ड ने 10 बॉल पर 3 छक्के लगाकर 21 रन किए.आखिर में जेसन होल्डर ने 4 बॉल पर 2 छक्के कलगाकर 13 रन बनाए. कुल मिलाकर विंडीज ने 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए हैं. यह टी20 विश्व कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टोटल है. जिसका पीछा करना जिम्बाब्वे के लिए आसान नहीं होगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


