कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़।हरियाणा की राजनीति में साढौरा से विधायक Renu Bala को लेकर नई सियासी चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस से निलंबित की जा चुकीं रेणु बाला के जल्द भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। इन चर्चाओं को उस समय और हवा मिल गई, जब मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini के आदि बद्री दौरे के दौरान विधायक रेणु बाला के पति द्वारा अपने समर्थकों के साथ शिष्टाचार मुलाकात की खबर निकलकर सामने आई। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे कि क्या साढौरा की विधायक अब नया राजनीतिक ठिकाना तलाश रही हैं?

दरअसल, राज्यसभा चुनाव के दौरान रेणु बाला पर कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ मतदान करने का आरोप लगा था। पार्टी लाइन से अलग जाकर वोट करने के बाद हरियाणा कांग्रेस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। पार्टी ने रेणु बाला समेत पांच विधायकों को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। इस कार्रवाई को पार्टी अध्यक्ष Mallikarjun Kharge की मंजूरी के बाद लागू किया गया था।

निलंबन के बाद से ही रेणु बाला के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब भाजपा में शामिल होने की अटकलों ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। हालांकि अभी तक न तो विधायक रेणु बाला की तरफ से और न ही भाजपा की ओर से किसी आधिकारिक घोषणा की पुष्टि हुई है। लेकिन मुख्यमंत्री से जुड़े कार्यक्रम में उनके परिवार की मौजूदगी को राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

अब नजर इस बात पर टिकी है कि यह केवल शिष्टाचार मुलाकात थी या हरियाणा की राजनीति में जल्द कोई बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिलेगा।