सरोज कुमार गुप्ता, सीतामढ़ी। जिले के गाढ़ा थाना क्षेत्र के खोपी गांव स्थित बिजुलिया टोला में रविवार को एक मामूली पारिवारिक विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। दरअसल डायल-112 की टीम के पहुंचने के दौरान घबराहट में एक महिला की तबीयत बिगड़ गई और दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतका का चचेरी पतोह से चल रहा था विवाद

मिली जानकारी के अनुसार बिजुलिया टोला निवासी बिहारी पासवान की पत्नी ललिता देवी (55) का अपनी चचेरी पतोह शोभा देवी से घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने पर शोभा देवी ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस वाहन और जवानों को देखकर ललिता देवी काफी घबरा गईं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर गई।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को अपने वाहन से इलाज के लिए सीतामढ़ी ले जाना शुरू किया। परिजन भी उनके साथ अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका

घटना के संबंध में गाढ़ा थानाध्यक्ष सोनी कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आई है। परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया तथा अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

ये भी पढ़ें- 3 करोड़ रुपये की जमीन ठगी मामले में बड़ा खुलासा, जॉन डियर शोरूम का मालिक गिरफ्तार